उमरिया जिले के मानपुर में दशहरा पर्व पर रावण दहन के बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम विवादों में घिर गया है। मंगलवार को ग्रामीण खेल मैदान में हुए कार्यक्रम का वीडियो बुधवार को सामने आया। इसमें नर्तकियां भोजपुरी गानों ‘कमरिया करे लपालप’ और ‘हरियर नागनिन’ पर डांस करती नजर आ रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने विरोध जताते हुए इसे धार्मिक और सांस्कृतिक आस्था से खिलवाड़ बताया है। वहीं, दशहरा समिति के अध्यक्ष रसिक खंडेलवाल ने अश्लील डांस के आरोपों से इनकार करते हुए कार्यक्रम को सांस्कृतिक बताया है। देखिए तीन तस्वीरें… रावण दहन के बाद मंच पर भोजपुरी गानों पर डांस जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को मानपुर के ग्रामीण खेल मैदान में रावण दहन के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ था। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान मंच पर भोजपुरी गाने ‘कमरिया करे लपालप’ और ‘हरियर नागनिन’ बजाए गए, जिन पर नर्तकियों ने डांस किया। कार्यक्रम का स्वरूप बदलने के बाद वहां मौजूद कुछ लोग उठकर चले गए। वीडियो सामने आने पर कांग्रेस ने जताई आपत्ति वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस के युवा नेता और पूर्व ब्लॉक संगठन मंत्री विजय गौतम ने कार्यक्रम पर आपत्ति जताई। उन्होंने इसे धार्मिक आस्था से खिलवाड़ बताया। उनका कहना है कि दशहरा धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व का पर्व है। ऐसे आयोजन में प्रस्तुतियों की प्रकृति पर ध्यान दिया जाना चाहिए। समिति अध्यक्ष बोले- सांस्कृतिक कार्यक्रम था दशहरा समिति के अध्यक्ष रसिक खंडेलवाल ने अश्लील डांस के आरोपों से इनकार किया। उन्होंने कार्यक्रम को सांस्कृतिक बताया। इस मामले में कांग्रेस ने विरोध जताया है, जबकि समिति अध्यक्ष ने आरोपों को खारिज किया है। वीडियो सामने आने के बाद कार्यक्रम को लेकर विवाद शुरू हो गया है।

