बठिंडा के किला रोड पर स्थित मित्तल मोबाइल शॉप में बुधवार तड़के तीन अज्ञात युवकों ने चोरी करने का प्रयास किया। चोरों ने दुकान के शटर पर लगे ताले तोड़ दिए, लेकिन इसी दौरान आवाज सुनकर आसपास के लोग जाग गए। लोगों को घरों से बाहर निकलता देख तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद मोहल्ले के लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। मौके पर पहुंची पीसीआर टीम ने जांच शुरू कर दी।
घटना सुबह करीब साढ़े 3 बजे की है। किला रोड पर गुरु नानक मेडिकल स्टोर के नजदीक स्थित मित्तल मोबाइल शॉप को तीन अज्ञात युवकों ने निशाना बनाया। आरोपियों ने दुकान के शटर के ताले तोड़ दिए थे और अंदर घुसने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान ताले टूटने और शटर से आवाज आने पर आसपास के घरों में सो रहे लोग जाग गए। मोहल्ले के लोगों को देखकर भागे तीनों चोर
शोर सुनकर स्थानीय लोग अपने घरों से बाहर निकले तो उन्होंने तीन युवकों को दुकान का शटर तोड़ने की कोशिश करते देखा। लोगों के इकट्ठा होते ही तीनों आरोपी मौके से भाग निकले। मोहल्ले के लोगों ने तुरंत दुकान मालिक और पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी दी। स्थानीय लोगों की सतर्कता से दुकान में चोरी की बड़ी वारदात होने से बच गई। दिवाली के लिए मंगवाए थे लाखों रुपए के मोबाइल
दुकान मालिक मोहित ने बताया कि दिवाली के त्योहार को देखते हुए उन्होंने दुकान में बड़ी संख्या में नए मोबाइल फोन मंगवाए थे। दुकान में लाखों रुपए की कीमत के मोबाइल रखे हुए थे। अगर चोर दुकान के अंदर घुसने में सफल हो जाते तो उन्हें लाखों रुपए का नुकसान हो सकता था। मोहित के अनुसारचोरों ने दुकान के शटर के ताले तोड़ दिए थे, लेकिन मोहल्ले के लोगों के जागने और मौके पर इकट्ठा होने के कारण आरोपी चोरी की वारदात को अंजाम नहीं दे सके। CCTV फुटेज से चोरों की पहचान करने में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की पीसीआर टीम मौके पर पहुंची और दुकान के टूटे तालों सहित घटनास्थल की जांच की। पुलिस टीम ने दुकान मालिक के बयान लेकर मामले की जानकारी संबंधित थाने को दी। वहीं,थाना कोतवाली पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास की दुकानों और अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरी का प्रयास करने वाले तीनों युवकों की पहचान की जा सके।

