PAK vs ENG: अराफात मिन्हास ने 6 विकेट लेकर मचाई सनसनी, पाकिस्तान ने इंग्लैंड को 10 साल बाद चटाई धूल

PAK vs ENG: अराफात मिन्हास ने 6 विकेट लेकर मचाई सनसनी, पाकिस्तान ने इंग्लैंड को 10 साल बाद चटाई धूल

PAK vs ENG Tri Series 2026 2nd ODI Highlights: पाकिस्तान के स्पिनर अराफात मिन्हास की घातक गेंदबाजी की बदौलत पाकिस्तान ने ट्राई सीरीज के दूसरे मुकाबले में इंग्लैंड को 87 रन से रौंद डाला है। पाकिस्तान को वनडे सीरीज के मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ 10 साल बाद जीत मिली है। इससे पहले उसने 2016 में इंग्लैंड को आखिरी बार हराया था। हालांकि, उसके बाद 2017 की चैंपियंस ट्रॉफी और 2019 के वर्ल्ड कप में भी इंग्लैंड को मात दी थी, लेकिन वनडे सीरीज के किसी मैच में वह इंग्लैंड को नहीं हरा सके थे।

अराफात ने अकेले पलट दी बाजी

इस मुकाबले में पाकिस्तान की टीम ने 50 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 302 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड ने एक समय अच्छी शुरुआत की थी और 18 ओवर में 117 रन बना लिए थे, लेकिन अगले 21 ओवर में पाकिस्तान ने इंग्लैंड की हार तय कर दी। अराफात मिन्हास ने 6 विकेट निकाले। उन्होंने टॉम बैंटन, कप्तान हैरी ब्रूक, जॉर्डन कॉक्स, विल जैक्स, जेमी ओवरटन और आदिल रशीद को पवेलियन की राह दिखाई।

इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने इस मुकाबले में पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पाकिस्तान की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और दोनों सलामी बल्लेबाज सस्ते में पवेलियन लौट गए। फखर जमान का खाता नहीं खुला और सैम अयूब सिर्फ आठ रन बना सके। बाबर आजम 34 रन बनाकर विल जैक्स की गेंद पर बोल्ड हो गए, तो साद बेग 35 रन बनाकर आउट हो गए। पिछले मैच के शतकवीर सलमान आगा 16 रन ही बना सके।

मध्य क्रम ने मचाया धमाल

लेकिन इसके बाद छठे, सातवें और आठवें नंबर के बल्लेबाजों की बेहतरीन बल्लेबाजी की बदौलत पाकिस्तान 300 के पार पहुंचने में सफल रहा। हसन नवाज ने 79 रन की पारी खेली, तो अराफात मिन्हास ने 59 और फहीम अशरफ ने 39 रन बनाए। शाहीन अफरीदी ने पांच गेंदों में 10 रन बनाकर पाकिस्तान को 302 रन के स्कोर तक पहुंचाने में मदद की।

303 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी रही। दोनों सलामी बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 91 रन की साझेदारी की। 28 ओवर तक मैच इंग्लैंड के पक्ष में लग रहा था, जब उसने 160 रन बना लिए थे और सिर्फ तीन विकेट गिरे थे। लेकिन 29वें ओवर में जो रूट आउट हुए और उसके बाद अराफात मिन्हास ने विकेटों की झड़ी लगा दी। 39वें ओवर की चौथी गेंद पर गस एटकिंसन के रन आउट होते ही इंग्लैंड की टीम 215 रन पर ही ढेर हो गई। इस तरह पाकिस्तान ने इंग्लैंड को 87 रन से हराकर ट्राई सीरीज में लगातार दूसरी जीत दर्ज की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *