डीग। जिले के बड़ेसरा गांव में 13 वर्षीय जुड़वा भाइयों की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जिन बच्चों की हत्या से पूरे गांव में सनसनी फैल गई थी, उसी मामले में पुलिस ने उनकी मां प्रीति को मुख्य आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया है। दोनों किशोरों के शव मंगलवार सुबह गांव में ज्वार-बाजरे की पुंज के पास मिले थे। पुलिस के मुताबिक, बच्चों की गला रेतकर और शरीर पर कई वार करके हत्या की गई। शुरुआती जांच में प्रेम-प्रसंग से जुड़ा पहलू भी सामने आया है, हालांकि हत्या की असल वजह और किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता को लेकर जांच जारी है।
जनूथर थाना क्षेत्र के बड़ेसरा गांव में दो जुड़वा भाइयों के शव मिलने की सूचना से मंगलवार सुबह हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीग पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ सहित पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान पुलिस ने परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस कई घंटे तक संदिग्धों से पूछताछ करती रही। इसके बाद महज छह घंटे के भीतर मामले में मृतक बच्चों की मां प्रीति को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि हत्या के पीछे की वजह और घटनाक्रम की पूरी कड़ियां जोड़ी जा सकें।
ननिहाल में रह रहे थे दोनों भाई, पिता का पहले हो चुका निधन
मृतक विनय चौधरी और विष्णु चौधरी की उम्र 13 वर्ष थी। दोनों अपने नाना घनश्याम चौधरी के घर बड़ेसरा में मां के साथ रह रहे थे। उनके पिता निरंजन सिंह का पहले ही निधन हो चुका था। परिवार में चार भाई-बहन हैं। जुड़वा भाई सबसे छोटे थे। उनकी एक बड़ी बहन 18 वर्ष की और एक भाई 16 वर्ष का है। दोनों बच्चों के शव मिलने के बाद पुलिस ने उन्हें डीग जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। इसके बाद परिजन शव लेकर गांव पहुंचे। घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
प्रेम-प्रसंग की आशंका, कड़ी से कड़ी जोड़ रही पुलिस
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में घर के भीतर हत्या किए जाने से जुड़े साक्ष्य मिले हैं। प्रेम-प्रसंग से संबंधित आशंका को भी जांच में शामिल किया गया है। हालांकि, इस पहलू की पुष्टि और हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का खुलासा पूछताछ तथा साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद ही हो सकेगा। एसपी कांबले शरण गोपीनाथ ने बताया कि मामले में जांच जारी है। यदि पूछताछ या जांच के दौरान अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

