Kolkata भगदड़ में 19 मौतों के बाद BJP नेताओं की गिरफ्तारी की मांग, Abhishek Banerjee का सवाल

Kolkata भगदड़ में 19 मौतों के बाद BJP नेताओं की गिरफ्तारी की मांग, Abhishek Banerjee का सवाल

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद अभिषेक बनर्जी ने मंगलवार को सवाल किया कि चोरबागान दुर्गा पूजा समिति में अहम पदों पर काबिज भाजपा नेताओं को भगदड़ में 19 लोगों की मौत के बाद भी गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक ने फेसबुक पोस्ट में पिछले शनिवार को उत्तर कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ की घटना के बाद सरकार की कार्रवाई पर कई सवाल उठाए।

उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के भतीजे दुर्गा पूजा समिति के मुख्य संरक्षक थे, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उत्तर कोलकाता जिला अध्यक्ष तमोघ्न घोष और पार्टी विधायक विजय ओझा अहम पदों पर थे। अभिषेक ने सवाल किया, “क्या उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जाएगा? क्या भगदड़ के लिए वास्तव में जिम्मेदार लोगों को गिरफ्तार किया गया है?

पीड़ित परिवार अब भी न्याय का इंतजार क्यों कर रहे हैं?”
उन्होंने कहा, “इससे भी ज्यादा शर्मनाक बात यह है कि सोशल मीडिया पर शुभेंदु अधिकारी के भतीजे से जुड़े आरोपों और खबरों के प्रसार के बाद पुलिस ने विभिन्न जिलों में आम नागरिकों को परेशान करना शुरू कर दिया है। कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।”
शुभेंदु ने मंगलवार को आरोप लगाया कि कोलकाता में भगदड़ की घटना को लेकर बांग्लादेश से सोशल मीडिया पर ‘भ्रामक बातें’ फैलाई जा रही हैं। उन्होंने ऐसी सामग्री साझा करने या उसका समर्थन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।

इससे कुछ घंटे पहले पश्चिम बंगाल पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने कूच बिहार जिले से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। उस पर तीन दिन पहले चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ में मरने वालों की संख्या को लेकर सोशल मीडिया पर गलत जानकारी फैलाने का आरोप है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *