झज्जर जिले के बेरी-डीघल मार्ग पर नहर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में सास-बहू की मौत हो गई। सोनीपत जिले के गांव ठस्का म्हारा से माता भीमेश्वरी देवी के दर्शन करने आ रहे परिवार की कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। अस्पताल में उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, सोनीपत जिले के गांव ठस्का म्हारा निवासी हैप्पी अपनी मां मुनेश, पत्नी कोमल और बच्चों के साथ कार में सवार होकर बेरी स्थित माता भीमेश्वरी देवी के दर्शन करने के लिए आ रहे थे। जब उनकी कार बेरी-डीघल मार्ग पर नहर के पास पहुंची, तो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार मुनेश और कोमल गंभीर रूप से घायल हो गईं। अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हादसे के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल मुनेश को डीघल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, उनकी बहू कोमल की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रोहतक स्थित पीजीआईएमएस रेफर किया गया। वहां उपचार के दौरान कोमल ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने की इत्तफाकिया कार्रवाई थाना प्रभारी योगेश कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में सास-बहू की मौत हुई है। मामले में पुलिस ने इत्तफाकिया कार्रवाई अमल में लाई है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। जिस परिवार ने माता भीमेश्वरी देवी के दर्शन के लिए यात्रा शुरू की थी, उसे रास्ते में ही इस दर्दनाक हादसे का सामना करना पड़ा।

