गिरिडीह में बेकाबू ब्रेजा ने ऑटो को मारी टक्कर:3 बाइक सवारों को रौंदा, किशोर की मौत; गुस्साए ग्रामीणों ने कार फूंकी

गिरिडीह में बेकाबू ब्रेजा ने ऑटो को मारी टक्कर:3 बाइक सवारों को रौंदा, किशोर की मौत; गुस्साए ग्रामीणों ने कार फूंकी

गिरिडीह जिले के धनवार थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा हो गया। खोरीमहुआ-धनवार मेन रोड पर बिशनपुर के समीप लालबाजार के पास एक बेकाबू ब्रेजा कार ने ऑटो समेत तीन दोपहिया वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में बांधी निवासी संदीप शर्मा के 15 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जुट गए। हादसे के बाद की तस्वीरें देखें…. कार चालक ने नियंत्रण खोया, हुआ हादसा मिली जानकारी के अनुसार, ब्रेजा कार धनवार की ओर से आ रही थी। बिशनपुर के पास चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद कार ने पहले एक ऑटो को टक्कर मारी। फिर तीन बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई लोग सड़क पर गिर पड़े। कुछ घायलों को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद शुरू की। घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई। हादसे में किशोर की मौत से उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने कार में लगाई आग हादसे में किशोर की मौत और कई लोगों के घायल होने से ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा। आक्रोशित लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त ब्रेजा कार में आग लगा दी। इससे घटनास्थल पर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। बताया जा रहा है कि कार चालक पर शराब के नशे में वाहन चलाने का आरोप लगाया जा रहा है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना की सूचना मिलते ही धनवार थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति संभालने के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पीसीआर से पहुंचाया अस्पताल थाना प्रभारी ने खुद पीसीआर वाहन चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को उपचार के लिए भेजा। सूचना मिलने पर एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही, कार चालक की स्थिति और दुर्घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं। चिकित्सक के आवास पर जड़ा ताला हादसे के बाद धनवार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में भी लोगों का आक्रोश देखने को मिला। नाराज लोगों ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. इंदुशेखर के सरकारी आवास पर ताला जड़ दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि इतनी बड़ी दुर्घटना के बाद भी चिकित्सक घायलों को देखने अस्पताल नहीं पहुंचे। लोगों ने यह भी दावा किया कि फोन करने पर चिकित्सक ने कॉल रिसीव नहीं किया। इसी बात से नाराज होकर उन्होंने यह कदम उठाया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक मामले में ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक ताला नहीं खोला जाएगा। इस घटनाक्रम के बाद अस्पताल परिसर में गहमागहमी बनी रही। सड़क हादसे और उसके बाद हुई घटनाओं से क्षेत्र में तनाव का माहौल रहा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *