जीयू के ऑनलाइन पाठ्यक्रमों में प्रवेश की संख्या बढ़ी, बीकॉम, एमकॉम पहली पसंद

जीयू के ऑनलाइन पाठ्यक्रमों में प्रवेश की संख्या बढ़ी, बीकॉम, एमकॉम पहली पसंद

Ahmedabad. गुजरात विश्वविद्यालय (जीयू) की ओर से घर बैठे ऑनलाइन स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की शिक्षा देने की पहल को विद्यार्थियों का भी समर्थन मिल रहा है। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि ऑनलाइन कोर्स में प्रवेश पाने वाले विद्यार्थियों की संख्या फरवरी सत्र की तुलना में जुलाई सत्र में करीब दो गुना तक बढ़ी है।

जीयू के कार्यकारी कुलपति प्रो.जगदीश जोशी ने बताया कि अक्टूबर 2025 में जब ऑनलाइन कोर्स की शुरुआत की गई तब प्रवेश पाने वाले विद्यार्थियों की संख्या महज 154 थी, जो फरवरी 2026 में बढ़कर 343 हो गई। जुलाई 2026 के सत्र में यह सीधे 646 पर पहुंच गई है। यह जीयू के ऑनलाइन कोर्स की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है।

इन ऑनलाइन कोर्स की विशेषता यह है कि इसमें विद्यार्थी घर, कार्यालय में बैठे ही अपनी स्नातक, स्नातकोत्तर कोर्स को पूरा कर सकता है।प्रो. जोशी ने बताया कि विवि के ‘फ्लेक्सिबल लर्निंग पाथवे’ के कारण विद्यार्थियों में इस कोर्स में प्रवेश पाने की इच्छा बढ़ रही है। यही वजह है कि प्रवेश के लिए होने वाले पंजीकरण में छह गुना बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अक्टूबर 2025 में प्रवेश प्रक्रिया के दौरान 2,560 रजिस्ट्रेशन हुए थे, वहीं फरवरी और जुलाई 2026 के संयुक्त प्रवेश सत्रों में यह आंकड़ा उछलकर 16,809 पर पहुंच गया है।

अब तक 1143 विद्यार्थियों ने लिया प्रवेश

जीयू के ऑनलाइन स्नातक, स्नातकोत्तर कोर्स में 1,143 विद्यार्थियों ने प्रवेश प्राप्त किया है। बी.कॉम. जनरल कोर्स में सबसे अधिक 301 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। बी.ए. इंग्लिश में 243 और बीसीए में 199 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया। इन तीनों पाठ्यक्रमों में 743 विद्यार्थियों ने प्रवेश पाया है। स्नातोत्तर पाठ्यक्रम की बात करें तो एम.कॉम. जनरल में 160, एम.ए. इंग्लिश में 158 और एम.एससी. मैथमेटिक्स में 82 विद्यार्थियों ने प्रवेश पाया है। सत्र दर सत्र विद्यार्थियों की संख्या में इजाफा हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *