डीजे को समझा दो, म्यूजिक गलती से भी रुक ना जाए। रंग-बिरंगी लाइट्स के बीच गरबा और डांडिया की धुन पर थिरकते छात्र-छात्राएं। यह नजारा छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (CSJMU) के हेलीपैड परिसर में आयोजित ‘रास-ए-रात्रि’ डांडिया में दिखा। पारंपरिक गुजराती परिधानों में सजे विद्यार्थियों ने सामूहिक गरबा और डांडिया से माहौल को जीवंत बना दिया। स्टूडेंट काउंसिल और हाबी क्लब ने किया आयोजन स्टूडेंट काउंसिल, हॉस्टल काउंसिल और आत्मोदय हॉबी क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में संगीत, रोशनी और नृत्य का संगम देखने को मिला। डीजे की धुन बजते ही छात्र-छात्राएं डांडिया लेकर थिरकने लगे। रंगीन रोशनी के बीच गोल घेरा बनाकर गरबा करते विद्यार्थियों ने नवरात्र के उल्लास को साझा किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और लोक परंपराओं से जोड़ने के साथ छात्रावास जीवन में रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देना रहा। स्टूडेंट्स की हुई सराहना कार्यक्रम में वरिष्ठ आयुर्वेदाचार्या डॉ. वंदना पाठक, विनीता पाठक, डीएसडब्ल्यू प्रो. अंशु यादव, चीफ प्रॉक्टर प्रो. शशिकांत त्रिपाठी, मीडिया प्रभारी डॉ. दिवाकर अवस्थी आदि मौजूद रहे। प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों और सभी छात्रावासों के वार्डन्स ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की।

