महोबा में विवाहिता की मौत, दहेज प्रताड़ना का आरोप:परिजन बोले अतिरिक्त दहेज की थी मांग, ससुराल पक्ष बोला- आत्महत्या है

महोबा में विवाहिता की मौत, दहेज प्रताड़ना का आरोप:परिजन बोले अतिरिक्त दहेज की थी मांग, ससुराल पक्ष बोला- आत्महत्या है

महोबा जिले के कुलपहाड़ में 24 साल की विवाहिता दीपाली यादव का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे में पंखे से लटका मिला। दीपाली के मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर कार और दहेज की मांग को लेकर गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं, ससुराल पक्ष ने आरोपों को गलत बताते हुए आत्महत्या की बात कही है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है। कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र के गोविंदनगर में रविवार रात दीपाली का शव उसके दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया। दीपाली के पिता और लारौंन गांव के रहने वाले राजू यादव का आरोप है कि उन्होंने दिसंबर 2024 में अपनी बेटी की शादी राहुल यादव के साथ अपनी हैसियत के अनुसार दान-दहेज और पांच लाख रुपए नकद देकर की थी। आरोप है कि शादी के 2 से 3 महीने बाद से ही पति राहुल, सास, ससुर और ननद कार व अतिरिक्त नकदी की मांग को लेकर दीपाली को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे थे। पिता का कहना है कि 17 अक्टूबर को दीपाली ने फोन कर रोते हुए बताया था कि ससुराल वाले कार नहीं देने पर उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इसके बाद उसका फोन छीन लिया गया। पिता का आरोप है कि 18 अक्टूबर को उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मायके वालों को सूचना दिए बिना शव को सीधे अस्पताल ले जाया गया। वहीं, ससुराल पक्ष ने इन आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि दीपाली ने आत्महत्या की है। कुलपहाड़ कोतवाली प्रभारी अवधेश मिश्रा ने बताया कि रविवार रात 8 बजे विवाहिता के फांसी लगाकर आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। सोमवार दोपहर दो बजे शव का पोस्टमार्टम करा लिया गया। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। परिजनों से मिली तहरीर के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *