बैतूल में शारदीय नवरात्रि के समापन पर सोमवार को देवी मंदिरों और दुर्गा पंडालों में हवन-पूजन, कन्या पूजन, कन्या भोज और भंडारे के आयोजन हुए। गंज, कोठी बाजार, सदर और टैगोर वार्ड सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। श्रीकृष्ण मंदिर गंज, बिजासनी माता मंदिर, शनि मंदिर, पेट्रोल पंप स्थित माता मंदिर और दुर्गा मंदिर टैगोर वार्ड सहित कई धार्मिक स्थलों पर विशेष आयोजन किए गए। 9 दिनों तक चले आरती, भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण के बाद नवमी पर हवन और कन्या पूजन के साथ उत्सव का समापन हुआ। तस्वीरें देखें… 5 हजार श्रद्धालुओं ने ग्रहण की प्रसादी बिजासनी माता मंदिर समिति से जुड़े सुनील हिरानी ने बताया कि सोमवार को भगवान लक्ष्मीनारायण की पूजा और दुर्गा माता की आरती के बाद कन्या पूजन किया गया। इसके बाद भंडारा हुआ, जिसमें समिति के अनुसार करीब 4 से 5 हजार श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। उन्होंने बताया कि दशहरे पर सुबह 6 बजे नौ दिवसीय अखंड ज्योति के समापन के बाद घट विसर्जन शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह नगर भ्रमण करते हुए ताप्ती नदी पहुंचेगी, जहां घट विसर्जित किए जाएंगे। अन्य मंदिरों में भी हुए आयोजन श्रीकृष्ण मंदिर ट्रस्ट गंज में हवन के बाद भंडारा आयोजित किया गया। शनि मंदिर गंज में घट विसर्जन, आरती, कन्या भोज और भंडारे का कार्यक्रम निर्धारित किया गया। दुर्गा मंदिर टैगोर वार्ड में भी भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। हेमंत खंडेलवाल ने घर पर कराया कन्या भोज भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने पारिवारिक परंपरा के अनुसार अपने निवास पर कन्या भोज कराया। इस दौरान उनकी पत्नी ऋतु खंडेलवाल और अन्य परिजन मौजूद रहे। खंडेलवाल ने कन्याओं को अपने हाथों से भोजन कराया। दशहरे पर शहर के विभिन्न दुर्गा पंडालों में घट विसर्जन के कार्यक्रम होंगे। धार्मिक आयोजनों के दौरान पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी।

