विजयादशमी पर CM Yogi Adityanath ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं

विजयादशमी पर CM Yogi Adityanath ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विजयादशमी के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व अधर्म पर धर्म, बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का शाश्वत संदेश देता है। एक सरकारी बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीराम ने इसी पावन अवसर पर अधर्म और अन्याय के प्रतीक रावण का संहार कर धर्म की विजय स्थापित की थी। यह पर्व भारतीय संस्कृति में सत्य, न्याय और धर्म के प्रति अटूट आस्था का प्रतीक है।

आदित्यनाथ ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम भारतीय जीवन-मूल्यों के आदर्श हैं। ‘‘उनका जीवन सत्य, मर्यादा, न्याय, त्याग, परोपकार और लोककल्याण के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। श्रीराम का जीवन अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठावान रहते हुए समाज और राष्ट्र के हित में कार्य करने का मार्ग दिखाता है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्रि में मां दुर्गा की आराधना के बाद विजयादशमी का पर्व शक्ति और धर्म की विजय के रूप में मनाया जाता है।

यह पर्व जीवन से अहंकार, अन्याय और नकारात्मक प्रवृत्तियों को दूर करने तथा सत्य और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। आदित्यनाथ ने विश्वास जताया कि विजयादशमी का पावन पर्व प्रदेशवासियों को सत्य, धर्म और न्याय के मार्ग पर दृढ़ता से आगे बढ़ने की प्रेरणा देगा तथा उत्तर प्रदेश में शांति, सौहार्द और समृद्धि को और मजबूत करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *