जेके अर्बनस्केप्स डेवलपर्स लिमिटेड दार्जिलिंग में 70 कमरों वाला लक्जरी रिजॉर्ट विकसित करने के लिए वैश्विक आतिथ्य समूह माइनर होटल्स के साथ साझेदारी में 110 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। कंपनी ने सोमवार को बताया कि ‘अनंतारा रिट्रीट दार्जिलिंग हिल्स’ नाम की यह परियोजना 849 एकड़ में फैले तिनधारिया चाय बागान में विकसित की जाएगी। इसके 2031 में खुलने का कार्यक्रम है।
इसके साथ ही भारत में ‘अनंतारा रिट्रीट्स’ की शुरुआत होगी। कंपनी ने बताया कि जेके अर्बनस्केप्स यह निवेश कौशल कुंभट के साथ साझेदारी में करेगी। इसमें 35 स्वीट और 35 टेंट विला होंगे।
चाय बागानों में आतिथ्य परियोजनाओं की लोकप्रियता बढ़ रही है। इनके जरिये पर्यटकों को चाय बागानों के बीच ठहरने का अवसर मिलता है। साथ ही, चाय कारोबार के मुनाफे में कमी के बीच बागानों को आय का एक अतिरिक्त स्रोत भी मिलता है।
जेके अर्बनस्केप्स डेवलपर्स लिमिटेड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक अभिषेक सिंघानिया ने कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र के प्राकृतिक नजारों और चाय उत्पादन की विरासत को दर्शाने वाला एक लक्जरी पर्यटन स्थल तैयार करना है। माइनर होटल्स की मूल कंपनी माइनर इंटरनेशनल के समूह मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) दिलीप राजकरियर ने कहा कि इसमें चालू चाय बागान के भीतर ठहरने के अनुभव को स्वास्थ्य एवं कल्याण कार्यक्रमों और चाय पर केंद्रित गतिविधियों के साथ जोड़ा जाएगा।

