Tiger Shroff Driver Firdous Baloch Injured: टाइगर श्रॉफ (Tiger Shroff) पर मुंबई के जुहू इलाके में हुए जानलेवा हमले के बाद से सनसनी फैली हुई है। रविवार शाम करीब 7 बजे हुई इस गोलीबारी की घटना ने फिल्म इंडस्ट्री और सुरक्षा एजेंसियों के होश उड़ा दिए हैं। इस हमले में जहां एक तरफ टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए और उन्हें मामूली खरोंचें व कांच के टुकड़े लगे, वहीं दूसरी तरफ उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति को गोली लगी है। इस बीच, घायल ड्राइवर फिरदौस बलोच (Firdous Baloch) से मिलने उनकी मां नानावटी हॉस्पिटल पहुंची हैं।
अस्पताल पहुंचीं ड्राइवर फिरदौस की मां, सामने आया वीडियो
रविवार शाम हुई इस खौफनाक घटना के बाद घायल ड्राइवर फिरदौस बलोच को खुद अभिनेता टाइगर श्रॉफ हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। उन्हें मुंबई के नानावती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार, फिरदौस के बाएं हाथ में गोली लगी है और मुंबई पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर उनका आधिकारिक बयान भी दर्ज कर लिया है।
घटना की खबर मिलते ही फिरदौस के परिवार में अफरा-तफरी मच गई। ऐसे में अस्पताल के बाहर का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ड्राइवर की मां और अन्य परिजन अपने बेटे की सलामती की दुआ मांगते हुए नानावती अस्पताल के अंदर जाते नजर आ रहे हैं। हालांकि अस्पताल प्रशासन या डॉक्टरों की तरफ से अभी कोई विस्तृत मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है, लेकिन अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक फिरदौस की हालत फिलहाल स्थिर है और वह खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
जुहू पुलिस स्टेशन से महज 350 मीटर की दूरी पर हुआ था हमला
यह पूरी वारदात मुंबई के जुहू स्थित पुष्पा पार्क के पास उस समय घटी जब टाइगर श्रॉफ अपना फुटबॉल मैच खेलकर अपनी कार से लौट रहे थे। रास्ते में अभिनेता को देखने के लिए फैंस की भीड़ जमा हो गई थी, और तभी एक बाइक पर सवार तीन अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और ताबड़तोड़ 5 राउंड फायरिंग कर दी। हैरानी की बात यह है कि यह सनसनीखेज वारदात को जुहू पुलिस स्टेशन से महज 350 मीटर की दूरी पर अंजाम दि गया।
इस बीच, सोशल मीडिया पर एक ऑडियो और पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने का दावा करने वाले अनिल पंडित ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। पोस्ट में धमकी दी गई है कि जो भी अभिनेता सलमान खान के साथ काम करेगा, उसका यही अंजाम होगा। हालांकि, मुंबई पुलिस सभी पहलुओं और गैंग के दावों की बेहद बारीकी से जांच कर रही है। डीसीपी मोहित गर्ग ने स्पष्ट किया है कि टाइगर श्रॉफ पूरी तरह सुरक्षित हैं और पुलिस जल्द ही हमलावरों को सलाखों के पीछे पहुंचाएगी।
विपक्ष के उठाए कानून व्यवस्था पर सवाल, पुलिस ने बताया- जांच में जुटी हैं 15 टीमें
वहीं, इस घटना को लेकर विपक्षी पार्टियों ने राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस और शरद पवार की एनसीपी ने कहा है कि राज्य के मुख्यमंत्री आम लोगों को सुरक्षा देने में नाकाम रहे हैं। AIMIM के नेता वारिस पठान ने इसे ‘कानून व्यवस्था की पूरी विफलता’ बताया है। इसी बीच मुंबई डीसीपी मोहित गर्ग ने मीडिया को बताया है कि मुंबई पुलिस ने कई टीमें बनाई हैं और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा, “फॉरेंसिक टीम ने शुरुआती जांच शुरू कर दी है। फिलहाल करीब 15 टीमें इस मामले पर काम कर रही हैं। जैसे-जैसे और जानकारी सामने आएगी, उसे शेयर किया जाएगा।”

