मां को बचाने के लिए तालाब में कूदा बेटा:मां की जान बचाई, खुद डूबा; यमुनानगर में दो घंटे बाद मिला शव

मां को बचाने के लिए तालाब में कूदा बेटा:मां की जान बचाई, खुद डूबा; यमुनानगर में दो घंटे बाद मिला शव

यमुनानगर में मां को बचाने के लिए एक युवक ने अपनी जान दांव पर लगा दी। तालाब में फिसलकर गिरी मां को बचाने के लिए बेटा पानी में कूद गया। काफी मशक्कत के बाद उसने मां को सुरक्षित किनारे पहुंचा दिया, लेकिन खुद तालाब में बने गहरे गड्ढे में फंस गया। देखते ही देखते वह पानी में डूब गया। सूचना मिलने पर पहुंचे गोताखोरों ने करीब दो घंटे की तलाश के बाद युवक को तालाब से बाहर निकाला। परिजन उसे तुरंत जगाधरी सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना यमुनानगर के मुरादपुर गांव की है। मृतक की पहचान 28 वर्षीय शुभम के रूप में हुई है। संतुलन बिगड़ने पर तालाब में गिरी मां ग्रामीण अनिल कुमार के अनुसार, अष्टमी की देर शाम शुभम अपनी मां के साथ गांव के तालाब में पूजा का सामान प्रवाहित करने गया था। उसकी मां तालाब के किनारे खड़ी होकर पानी में पूजा का सामान डाल रही थी। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह तालाब में गिर गई। मां को डूबता देख शुभम ने तुरंत पानी में छलांग लगा दी। उसने काफी प्रयास के बाद मां को सुरक्षित किनारे पहुंचा दिया, लेकिन इस दौरान वह खुद तालाब में बने गहरे गड्ढे में फंस गया। पानी गहरा होने के कारण वह बाहर नहीं निकल पाया और डूब गया। दो साल पहले पिता की हो चुकी है मौत शुभम के पानी में डूबने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। डायल 112 की टीम और गोताखोरों को भी बुलाया गया। गोताखोरों ने तालाब में युवक की तलाश शुरू की। करीब दो घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद शुभम को पानी से बाहर निकाला गया। परिजन उसे लेकर जगाधरी सिविल अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। शुभम फैक्ट्री में काम करता था। वह दो भाइयों में छोटा था और अभी अविवाहित था। करीब दो साल पहले उसके पिता की भी मौत हो चुकी थी। बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। तालाब के किनारे सुरक्षा इंतजाम नहीं होने का आरोप परिजनों ने आरोप लगाया कि गांव के तालाब के किनारे सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। उनका कहना है कि यदि तालाब के आसपास उचित सुरक्षा व्यवस्था होती तो इस तरह के हादसे को टाला जा सकता था। पुलिस ने शुभम के शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। आज सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *