Gurugram में 14 ग्राम MDMA के साथ थाईलैंड की महिला गिरफ्तार, वीजा अवधि भी खत्म

Gurugram में 14 ग्राम MDMA के साथ थाईलैंड की महिला गिरफ्तार, वीजा अवधि भी खत्म

हरियाणा राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एचएसएनसीबी) की गुरुग्राम इकाई ने रविवार को सुशांत लोक इलाके में एक रिहायशी परिसर में छापेमारी के दौरान थाईलैंड की एक महिला के पास से लगभग 14 ग्राम एमडीएमए बरामद करने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि कथित तौर पर प्रतिबंधित वस्तु एक थैले में छिपाकर रखी गई थी, जिसे एक एलईडी टेलीविजन के पीछे रखा गया था।

उन्होंने बताया कि जांचकर्ता अब वीजा की अवधि खत्म होने के बाद भी रुकने और किसी बड़े मादक पदार्थ वितरण नेटवर्क से संभावित संबंधों की जांच कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले में स्वापक औषधि नियंत्रण पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। एचएसएनसीबी गुरुग्राम इकाई के प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार ने बताया कि टीम को ऐसी जानकारी मिली थी कि सुशांत लोक के सी ब्लॉक में रहने वाली एक विदेशी नागरिक एमडीएमए की तस्करी में कथित तौर पर शामिल है।

उन्होंने बताया कि प्राप्त सूचना के आधार पर, एक टीम ने चिह्नित जगह पर छापा मारा और महिला को पकड़ लिया। अधिकारियों के अनुसार, महिला ने अपनी पहचान थाईलैंड की नागरिक वानविसा संसरन के रूप में बताई। उन्होंने बताया कि महिला भारत में टूरिस्ट वीज़ा पर आई थी, जिसकी समय-सीमा कथित तौर पर 2025 में समाप्त हो गई थी।

उन्होंने बताया कि जांचकर्ता भारत में उसके रूके रहने की परिस्थितियों, उसके वर्तमान पते और उसकी गतिविधियों की जांच कर रहे हैं। एचएसएनसीबी के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) राजेंद्र कुमार मीणा ने कहा, ‘‘सुशांत लोक पुलिस थाने में एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। जब्त किए गए पदार्थ के स्रोत का पता लगाने और इसमें अन्य लोगों की संभावित संलिप्तता की जांच करने के लिए कार्रवाई की जा रही है।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *