शिवपुरी जिले की बैराड़ थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक गिरोह पर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी और एक नाबालिग को पकड़ा है। पुलिस को 17 अक्टूबर की शाम मुखबिर से सूचना मिली थी, जिसके बाद ककरई तिराहे के पास से दो संदिग्धों को पकड़ा गया। इनमें प्रताप उर्फ गूंगा यादव (45) और एक नाबालिग शामिल है। पुलिस ने उनके पास से दो हीरो स्प्लेंडर बाइक बरामद कीं। पूछताछ में आरोपियों ने महादेव घाटी के जंगल में पांच और बाइकें छिपाने की बात कबूली, जिन्हें बाद में बरामद कर लिया गया। कुल 7 मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपए है। इनमें हीरो स्प्लेंडर, अपाचे, हीरो स्ट्रीम और पल्सर शामिल हैं। ये वाहन बैराड़ के अलावा भटनावर, विजयपुर, कैलारस और सबलगढ़ क्षेत्रों से चोरी हुए थे। पुलिस इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

