राजगढ़ जिले के लसूड़िया रामनाथ गांव में सरकारी स्कूल के पीछे बने एक नाले में नवजात शिशु का शव मिला। शव नाले के गंदे पानी में उल्टा पड़ा था। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी जितेंद्र मवई अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकलवाया।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, शव करीब 4 से 6 दिन पुराना हो सकता है। हालांकि, इसकी पुष्टि मेडिकल जांच के बाद ही होगी। पुलिस नवजात की पहचान और उसकी मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि नवजात नाले तक कैसे पहुंचा और उसे किन हालात में वहां छोड़ा गया। अभी तक इस मामले में किसी की भूमिका साफ नहीं हुई है। पुलिस जांच और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी स्थिति साफ हो पाएगी। नवरात्र के बीच हुई इस घटना से कई सवाल उठ रहे हैं।

