मिडिल ईस्ट में समुद्री सुरक्षा को लेकर एक और घटना सामने आई है। ब्रिटेन की मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) एजेंसी के अनुसार, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के खोर फक्कान के पास दक्षिण की ओर जा रही एक टगबोट पर दो अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ। घटना में जहाज को नुकसान पहुंचा और एक व्यक्ति को मामूली चोट आई। इसके बावजूद टगबोट ने अपना सफर जारी रखा।
दो अज्ञात वस्तुओं से हुआ हमला, जहाज को पहुंचा नुकसान
ब्रिटेन की मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) के अनुसार, टगबोट पर दो ‘अज्ञात वस्तुओं’ से हमला किया गया। अचानक हुए इस हमले में टगबोट को नुकसान पहुंचा है, लेकिन गनीमत यह रही कि टगबोट अपने तय रास्ते पर आगे बढ़ती रही। इस घटना में टगबोट पर मौजूद एक व्यक्ति के मामूली रूप से घायल होने की खबर है।
मुकल्ला तट के पास एलएनजी टैंकर पर भी हुई थी फायरिंग
समुद्री सुरक्षा एजेंसी ने इस घटना से कुछ ही समय पहले एक और चिंताजनक रिपोर्ट साझा की थी। उस रिपोर्ट के अनुसार, यमन के मुकल्ला तट के पास से गुजर रहे एक एलएनजी (LNG) टैंकर को निशाना बनाने की कोशिश की गई थी। छोटी नाव में सवार कुछ अज्ञात हमलावरों ने टैंकर पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थी।
टैंकर के पास पहुंची 7 लोगों वाली नाव, फिर हुई फायरिंग
यमन के अल मुकल्ला तट के पास LNG टैंकर के कप्तान ने ब्रिटेन की मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) एजेंसी को घटना की जानकारी दी। उनके मुताबिक, सात लोगों से भरी एक छोटी नाव टैंकर के करीब पहुंची और उसमें सवार लोगों ने जहाज पर दो गोलियां चलाईं।
UKMTO ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि टैंकर के सशस्त्र सुरक्षा दल ने जवाब में दो चेतावनी के फायर किए। इसके बाद छोटी नाव वहां से मुड़कर दूसरी दिशा में चली गई। फिलहाल नाव में मौजूद लोगों की पहचान नहीं हो पाई है। यह भी साफ नहीं है कि उन्होंने टैंकर पर फायरिंग किस वजह से की।
जहाजों को अलर्ट रहने के निर्देश, संदिग्ध गतिविधि दिखे तो दें सूचना
यमन के तट के पास हुई इस घटना के बाद UKMTO ने समुद्र से गुजरने वाले दूसरे जहाजों को सतर्क रहने की हिदायत दी है। एजेंसी ने कहा है कि आसपास कोई भी संदिग्ध हलचल नजर आए तो इसकी जानकारी तुरंत संबंधित अधिकारियों को दी जाए। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

