खंडवा जिले में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की तैयारी शुरू:11 दिसंबर तक दावे-आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे मतदाता; 4 जनवरी को जारी होगी अंतिम सूची

खंडवा जिले में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की तैयारी शुरू:11 दिसंबर तक दावे-आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे मतदाता; 4 जनवरी को जारी होगी अंतिम सूची

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मध्यप्रदेश में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर होने वाले इस पुनरीक्षण में 12 नवंबर को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होगी। इसके बाद मतदाताओं को नाम जुड़वाने, विवरण में संशोधन कराने और सूची में दर्ज प्रविष्टियों पर आपत्ति दर्ज करने के लिए 11 दिसंबर 2026 तक का समय मिलेगा। खंडवा कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) को निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पुनरीक्षण के तहत मतदान केंद्रों के युक्तिकरण और पुनर्व्यवस्थापन से लेकर दावे-आपत्तियों के निराकरण तथा अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन तक की प्रक्रिया तय कार्यक्रम के अनुसार पूरी की जाएगी। पहले मतदान केंद्रों का होगा युक्तिकरण विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत सबसे पहले मतदान केंद्रों के युक्तिकरण और पुनर्व्यवस्थापन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके लिए 2 नवंबर 2026 तक की समय-सीमा तय की गई है। इसके बाद 12 नवंबर को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। मतदाता इस सूची में अपना नाम और अन्य विवरण जांच सकेंगे। 11 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे-आपत्तियां प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। इस दौरान मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, विवरण में संशोधन कराने या किसी प्रविष्टि पर आपत्ति दर्ज करने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकेंगे। प्राप्त दावे-आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। निर्वाचन आयोग की समय-सारणी के अनुसार, सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके साथ ही विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की निर्धारित प्रक्रिया पूरी होगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *