लखनऊ के हजरतगंज थानाक्षेत्र में हुए शिवा शर्मा हत्याकांड में उनकी मां रंजना शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रार्थना पत्र देकर निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने श्रद्धा दुबे, रश्मि दुबे और अन्य कथित आरोपियों की भूमिका की गहन जांच कराने की मांग की है। प्रार्थना पत्र के मुताबिक, 8 अक्टूबर को जॉपलिंग रोड स्थित एक फ्लैट में शिवा की हत्या की घटना हुई थी। इस मामले में हजरतगंज थाने में एफआईआर दर्ज है। रंजना शर्मा ने मुख्यमंत्री को दिए प्रार्थना पत्र में कहा कि बेटे की मौत से उनका परिवार गहरे सदमे में है। उन्होंने मामले के सभी साक्ष्यों को सुरक्षित रखने और दोषियों को कानून के अनुसार सजा दिलाने की मांग की है। साथ ही आशंका जताई है कि जांच में गंभीरता नहीं बरती गई तो न्याय मिलने में देरी हो सकती है। इन सात मांगों को पत्र के जरिए रखा 1. शिवा शर्मा की हत्या के मामले में तत्काल निष्पक्ष एवं समयबद्ध जाँच सुनिश्चित कराई जाए। 2. श्रद्धा दुबे, रश्मि दुबे तथा अन्य संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की गहन जाँच की जाए और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। 3. घटनास्थल से संबंधित सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन एवं डिजिटल साक्ष्य, फॉरेंसिक रिपोर्ट तथा अन्य महत्वपूर्ण सबूतों को सुरक्षित रखकर उनकी विधिसम्मत जाँच कराई जाए। 4. मामले की गंभीरता को देखते हुए आवश्यकतानुसार वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की निगरानी में जाँच कराई जाए। 5. यदि किसी प्रकार की लापरवाही, साक्ष्यों से छेड़छाड़ अथवा जाँच को प्रभावित करने का प्रयास सामने आता है, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध भी कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए। 6. पीड़ित परिवार को सुरक्षा एवं न्यायिक प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा जाँच की प्रगति से अवगत कराया जाए। 7. मामले में सभी आरोपियों के विरुद्ध उपलब्ध साक्ष्यों और कानून के अनुसार कठोरतम वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

