आगरा में साइबर ठगों ने महिला के खाते से 5 लाख रुपये उड़ा दिए। शिकायत मिलते ही साइबर क्राइम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पूरी रकम वापस करा दी। पैसे वापस मिलने पर पीड़ित परिवार ने पुलिस अफसरों और साइबर टीम का आभार जताया। मामला थाना एकता क्षेत्र का है। शिकायतकर्ता नवीन कुमार पुत्र सेवतीलाल शर्मा निवासी D-54 अंसल टाउन, बगदा शमशाबाद रोड ने 14 अगस्त 2026 को थाना साइबर क्राइम में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 12 अगस्त को अनाधिकृत ट्रांजेक्शन के जरिए उनके खाते से 5 लाख रुपये निकाल लिए गए। शिकायत के आधार पर थाना साइबर क्राइम में मुकदमा दर्ज किया गया। केस दर्ज होते ही साइबर क्राइम टीम ने तकनीकी जांच शुरू की। बैंक से संपर्क कर ट्रांजेक्शन को ट्रेस किया गया और होल्ड कराया गया। पुलिस की सक्रियता से 5 लाख रुपये की पूरी धनराशि होल्ड हो गई। इसके बाद पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर 5 लाख रुपये की रकम पीड़ित नवीन कुमार और संध्या जोनेजा के ज्वाइंट खाते में वापस करा दी। महज दो दिन की कार्रवाई में 100 प्रतिशत रकम रिकवर हो गई। पैसे वापस आते ही पीड़िता संध्या जोनेजा ने पुलिस कमिश्नरेट के उच्चाधिकारियों और साइबर क्राइम थाने की टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि पूरी रकम वापस मिल जाएगी। पुलिस की तत्परता से उनका पैसा सुरक्षित वापस आ गया। साइबर क्राइम थाना प्रभारी ने बताया कि साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या नजदीकी थाने में शिकायत करनी चाहिए। जितनी जल्दी शिकायत होगी, रकम वापस मिलने की संभावना उतनी अधिक होगी।

