खरगोन जेल से पॉक्सो एक्ट में दोषी कैदी फरार हो गया। कैदी अरुण धुर्वे (23) शुक्रवार शाम प्रहरियों को चकमा देकर बाथरूम की दीवार कूदकर भागा। उसे उम्रकैद की सजा मिली थी, जिससे जेल प्रशासन में हलचल मच गई। खरगोन न्यायालय ने 7 अक्टूबर को अरुण को यह सजा सुनाई थी। फरार होने की खबर मिलते ही जेल अधिकारी मौके पर पहुंचे और विभागीय जांच शुरू की। मेनगांव थाने में केस दर्ज कर पुलिस फरार कैदी की तलाश कर रही है। जांच अधिकारी अरशद खान ने बताया कि मेनगांव पुलिस ने धारा 272 और 262 के तहत केस दर्ज किया है। अरुण इंदिरानगर का है। दोषी कैदी के भागने के मामले में जेल की सुरक्षा और कर्मचारियों की भूमिका की जांच हो रही है। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई हो सकती है।

