पराली चोरी के आरोप पर दो पक्षों में मारपीट:कौशांबी में दो महिलाओं समेत तीन घायल, जान से मारने की धमकी देने का आरोप

पराली चोरी के आरोप पर दो पक्षों में मारपीट:कौशांबी में दो महिलाओं समेत तीन घायल, जान से मारने की धमकी देने का आरोप

कौशांबी के कोखराज थाना क्षेत्र के करेटी गांव में धान की पराली चोरी के आरोप को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चले, जिसमें दो महिलाओं समेत तीन लोग घायल हो गए। मारपीट का वीडियो शनिवार रात करीब सात बजे से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित पक्ष ने थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पराली चोरी के आरोप पर शुरू हुआ विवाद जानकारी के अनुसार, करेटी गांव निवासी हंसराज पुत्र गामा बौद्ध पर दूसरे पक्ष ने धान की पराली चुराने का आरोप लगाया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। हंसराज का आरोप है कि विनोद यादव, प्रदीप, आरती, रिंकी, कान्ती देवी और विनोद की पत्नी ने मिलकर उन पर लाठी-डंडों से हमला किया। बीच-बचाव करने आईं मां और बहन को भी पीटा पीड़ित पक्ष के मुताबिक, बीच-बचाव करने पहुंचीं हंसराज की मां सुमनदेवी और बहन सपना के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद घायल पक्ष कोखराज थाने पहुंचा और पुलिस को लिखित शिकायत दी। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि और घटना से जुड़े तथ्यों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *