राजकोट में डेढ़ करोड़ की लूट-मैनेजर की हत्या के आरोपी ने पीएसआइ पर गोली चलाई

राजकोट में डेढ़ करोड़ की लूट-मैनेजर की हत्या के आरोपी ने पीएसआइ पर गोली चलाई

राजकोट. शहर के पास आजी जीआइडीसी स्थित आभूषणों के वर्कशॉप तन्वी गोल्ड में मैनेजर की हत्या कर 1.53 करोड़ रुपए के सोने-चांदी की लूट के आरोपी अनुराग सिंह राजपूत ने शुक्रवार देर शाम को पुलिस पर दो राउंड फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस उप निरीक्षक (पीएसआइ) ने गोली चलाई, यह गोली आरोपी के पैर में लगने से वह घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

राजकोट जोन-2 के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राकेश देसाई ने बताया कि मामले की जांच डीसीबी पुलिस थाने की ओर से की जा रही है। शुक्रवार देर शाम को पीएसआइ वनराजसिंह डोडिया व टीम आरोपी अनुराग सिंह राजपूत को लेकर वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी के लिए एयरपोर्ट पुलिस थाना क्षेत्र में स्थित आर.के. इंडस्ट्रीज पहुंची। इस दौरान आरोपी ने पहले से छिपाकर रखा गया दूसरा हथियार निकाल लिया और पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग कर दी। अचानक हुई इस घटना के बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। पीएसआइ ने आरोपी का मुकाबला करते हुए बचाव में उसके पैर पर एक राउंड गोली चलाई, जिससे वह घायल हो गया। उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिसकर्मी को नहीं आई चोट

घटना में किसी भी पुलिसकर्मी को चोट नहीं आई। सूचना मिलने पर क्राइम ब्रांच के डीसीपी जगदीश बांगरवा सहित अधिकारी-कर्मचारी अस्पताल पहुंचे। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ एयरपोर्ट पुलिस थाने में संबंधित धाराओं के तहत अलग से मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।

सुरेंद्रनगर में हिस्ट्रीशीटर देवेंद्र बोरिचा को पुलिस ने मारी गोली

राजकोट. सुरेंद्रनगर जिले के सायला पुलिस थाना क्षेत्र में गोसल गांव के पास हिस्ट्रीशीटर देवेंद्र उर्फ डेंडू उर्फ जेंडू बोरिचा पर पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें उसके पैर में गोली लगी। जानकारी के अनुसार राजकोट रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआइजी) की स्पेशल टीम के साथ मुठभेड़ जैसी स्थिति बन गई। हिस्ट्रीशीटर बोरिचा को पुलिस पकड़ने पहुंची। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने भागने का प्रयास किया और पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई करते हुए पुलिस उप निरीक्षक (पीएसआइ) भानु मियात्रा की सरकारी रिवॉल्वर छीनकर उन पर हमला करने की कोशिश की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।
राजकोट रेंज के डीआइजी की स्पेशल टीम को सूचना मिली थी कि वह सायला क्षेत्र में छिपा है। इसके आधार पर शुक्रवार को पुलिस टीम गोसल गांव के पास पहुंची और उसे पकड़ने के लिए घेराबंदी की। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने विरोध करते हुए पुलिसकर्मियों से हाथापाई शुरू कर दी और पीएसआइ मियात्रा की रिवॉल्वर छीनने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार, स्थिति गंभीर होने पर पीएसआइ पृथ्वीसिंह मोरी ने हस्तक्षेप किया। उन्होंने पहले चेतावनी देने के लिए हवा में फायर किया और इसके बाद चलाई गई गोली आरोपी के पैर में लगी। घायल बोरिचा को पहले सायला में प्राथमिक उपचार दिया गया और फिर बेहतर इलाज के लिए सुरेंद्रनगर सिविल अस्पताल ले जाने की कार्रवाई की गई।
घटना के संबंध में सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने, पुलिस पर हमला करने और सरकारी हथियार छीनने का प्रयास करने सहित संबंधित धाराओं के तहत सायला पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई।

गंभीर मामलों में था वांछित

पुलिस सूत्रों के अनुसार, बोरिचा के खिलाफ सुरेंद्रनगर जिले में 15 से अधिक अलग-अलग अपराधों में मामले दर्ज हैं। वह राजकोट ग्रामीण, सुरेंद्रनगर और अहमदाबाद ग्रामीण सहित विभिन्न पुलिस थाना क्षेत्रों में दर्ज गंभीर मामलों में वांछित था। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट, मारपीट, आपराधिक साजिश, दंगा और जान से मारने की धमकी जैसे अपराध दर्ज होने की जानकारी सामने आई। मई 2022 में गुजरात एटीएस ने भी उसे गिरफ्तार किया था। उसकी आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए उसके खिलाफ पासा एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *