India Cements का शुद्ध लाभ दूसरी तिमाही में बढ़कर 38.82 करोड़ रुपये हुआ

India Cements का शुद्ध लाभ दूसरी तिमाही में बढ़कर 38.82 करोड़ रुपये हुआ

आदित्य बिड़ला समूह की कंपनी इंडिया सीमेंट्स लिमिटेड (आईसीएल) का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में करीब चार गुना होकर 38.82 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। कंपनी ने शनिवार को यह जानकारी दी। कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष की दूसरी (जुलाई-सितंबर) तिमाही में 8.81 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था।

इंडिया सीमेंट्स अब अल्ट्राटेक सीमेंट की अनुषंगी कंपनी है। कंपनी ने शेयर बाजार को बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में उसकी परिचालन आय 2.23 प्रतिशत बढ़कर 1,142.03 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 1,117.04 करोड़ रुपये थी। इंडिया सीमेंट्स ने कहा कि परिचालन दक्षता में सुधार और उत्पादन क्षमता के अधिक इस्तेमाल से कर-पूर्व आय (ईबीआईटीडीए) तथा शुद्ध लाभ (पीएटी) में वृद्धि हुई।

कंपनी के अनुसार, चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में उसकी घरेलू बिक्री मात्रा 16.2 प्रतिशत बढ़कर 28.3 लाख टन हो गई। इस दौरान कंपनी का कुल खर्च 3.7 प्रतिशत घटकर 1,093.42 करोड़ रुपये रह गया। हालांकि, चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में कंपनी की कुल आय घटकर 1,145.70 करोड़ रुपये रही।

पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 1,146.04 करोड़ रुपये थी। कंपनी ने बताया कि उसके निदेशक मंडल ने पंजीकृत कार्यालय तमिलनाडु से महाराष्ट्र स्थानांतरित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है। इसके लिए शेयरधारकों और नियामकीय मंजूरियां लेना जरूरी होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *