पीलीभीत में बीसलपुर के ऐतिहासिक रामलीला मेले में शनिवार शाम छात्रों के दो गुटों में मारपीट हो गई। दोनों तरफ से लात-घूंसे और बेल्टें चलीं। घटना के दौरान मेले में भारी भीड़ मौजूद थी। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। गुलेश्वरनाथ मंदिर के पास भिड़े युवक घटना बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के रामलीला मैदान में गुलेश्वरनाथ मंदिर के पास शाम करीब 7 बजे हुई। किसी बात को लेकर छात्रों के दो गुटों में विवाद हुआ। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। वीडियो में युवक एक-दूसरे पर बेल्टों से हमला करते नजर आ रहे हैं। अचानक हुई घटना से मौके पर हड़कंप मच गया। वीडियो से युवकों की पहचान कर रही पुलिस अभी तक युवकों की पहचान और झगड़े की वजह सामने नहीं आई है। मेले में रोजाना हजारों परिवार पहुंचते हैं। ऐसे में मारपीट की घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। बीसलपुर कोतवाली के थाना अध्यक्ष संजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी मिली है। वायरल वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान की जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

