Kanya Pujan Thali Decoration Ideas: नवरात्रि में अष्टमी और नवमी के दिन कन्या पूजन के लिए घरों में खास तैयारियां की जाती हैं। कन्याओं के स्वागत से लेकर उनके भोजन और पूजा की थाली तक, हर छोटी चीज को खास बनाने की कोशिश की जाती है। ऐसे में अगर आप भी इस बार पूजा की थाली और हलवा, पूरी व काले चने का प्रसाद परोसने वाली प्लेटों को सुंदर तरीके से सजाना चाहते हैं, तो घर में मौजूद सामान से थोड़ी क्रिएटिविटी दिखा सकते हैं। आइए जानते हैं, कन्या पूजन की थाली और प्रसाद की प्लेटों को सजाने के आसान तरीके।
बेटी के लिए नवसंकल्प गाइड: नवरात्रि विशेष में पढ़िए बेटी के भविष्य से जुड़े नौ संकल्प…
रंगीन कपड़े और लेस से सजाएं थाली
कन्या पूजन की थाली को सुंदर बनाने के लिए सबसे पहले उसके बेस को सजाएं। इसके लिए लाल, पीले या केसरिया रंग का छोटा कपड़ा इस्तेमाल कर सकते हैं। कपड़े को थाली के आकार के अनुसार बिछाएं और उसके किनारों पर अपनी पसंद की लेस लगाएं। इससे साधारण थाली भी सुंदर दिखाई देगी। ध्यान रखें कि कपड़ा और लेस जलते हुए दीये के संपर्क में न आएं।
छोटी कटोरियों और दीये से दें सुंदर लुक
थाली सजाने के बाद उसमें रोली, अक्षत, चंदन और जल रखने के लिए छोटी-छोटी कटोरियां रखें। पीतल या तांबे की कटोरियां थाली को पारंपरिक लुक देती हैं। थाली के बीच में या किसी एक किनारे पर छोटा दीया भी रख सकते हैं। इसके अलावा, हल्दी और कुमकुम से थाली पर स्वस्तिक जैसे शुभ चिह्न भी बना सकते हैं।
केले के पत्ते से सजाएं प्रसाद की प्लेट
कन्या पूजन में प्रसाद परोसने के लिए केले के पत्ते का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। इसके लिए साफ केले के पत्ते को प्लेट के आकार के अनुसार काटें और उसे अच्छी तरह धोकर सुखा लें। इसके बाद पत्ते पर हलवा, पूरी और काले चने को अलग-अलग हिस्सों में रखें। ध्यान रखें कि पत्ता साफ हो और खाने के संपर्क में आने के लिए उपयुक्त हो।
फल और मिठाई से बढ़ाएं प्लेट की खूबसूरती
हलवा, पूरी और चने के साथ कन्याओं को केला, सेब या मिठाई भी परोस सकते हैं। फल और मिठाई को प्लेट में इस तरह रखें कि मुख्य प्रसाद के लिए पर्याप्त जगह बनी रहे। प्लेट में बहुत ज्यादा चीजें एक साथ रखने से वह भरी हुई और अव्यवस्थित दिख सकती है। इसलिए कम चीजों को साफ-सुथरे तरीके से सजाएं।
कन्याओं के लिए छोटे गिफ्ट भी सजाएं
कन्या पूजन के बाद बच्चियों को उपहार देने की तैयारी कर रहे हैं, तो उन्हें भी सुंदर तरीके से पैक कर सकते हैं। रंगीन पोटली, छोटे बैग या पेपर पैकेट में चूड़ियां, हेयर क्लिप, पेंसिल, कलर बॉक्स या कहानी की किताबें रख सकते हैं। पैकेट पर रिबन लगाकर उसे आकर्षक बनाया जा सकता है। उपहारों को भोजन और प्रसाद से अलग रखें, ताकि सभी चीजें साफ-सुथरी रहें।

