पलवल की प्रकाश विहार कॉलोनी में एक खाली प्लॉट में 26 वर्षीय युवक हर्ष का शव मिलने के मामले में मृतक की मां नीलम ने हत्या किए जाने की आशंका जताई है। मां का आरोप है कि हर्ष के दोस्तों ने उसे जबरन नशे का ओवरडोज इंजेक्शन दिया, जिससे उसकी मौत हुई। कैंप थाना पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बता दें कि 30 सितंबर को खाली प्लॉट में हर्ष का शव पड़ा मिला था। शनिवार को उसकी मां नीलम ने बताया कि हर्ष अपनी बहन अंजलि की स्कूटी लेकर घर से निकला था। अगले दिन यानी 1 अक्टूबर की सुबह पुलिस ने खाली प्लॉट में शव मिलने की सूचना दी। मौके पर हर्ष के शरीर पर निशान थे और नशीले इंजेक्शन की खाली शीशी मिली। सीसीटीवी में बाइक पर प्लॉट में जाता दिखा सीसीटीवी फुटेज में जवाहर नगर कैंप का रहने वाला निशांत रात 8:21 बजे हर्ष को बाइक पर प्लॉट पर ले जाता दिखा। निशांत 50 मिनट रुका और फिर अकेला चला गया। बाद में वह दो लड़कों के साथ वापस आया। फुटेज में 5 दोस्त रात 8:21 बजे से 11 बजे तक प्लॉट पर आते-जाते दिखे। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है। नीलम ने आरोप लगाया कि, आरोपी निशांत खुद नशे का आदी है और उसने ही हर्ष को इंजेक्शन लगाया। इसमें गगन, सुधीर, प्रशांत, अजय बघेल और सन्नी बघेल निवासी शेखपुरा मोहल्ला भी शामिल थे। सभी नशा करते हैं। पुलिस को सौंपे सीसटीवी फुटेज मां ने फुटेज व पोस्टमार्टम कागजात पुलिस को सौंपते हुए उक्त आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करने की मांग की है। कैंप थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गैर इरादन हत्या का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

