गुरदासपुर में डिप्टी कमिश्नर (DC) दफ्तर पर ग्रेनेड हमले का दावा करने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। पुलिस ने तुरंत सर्च अभियान चलाया, लेकिन जांच में यह दावा पूरी तरह से झूठा और अफवाह साबित हुआ है। सोशल मीडिया पर शेयर किए जा रहे वीडियो में दावा किया गया था कि गैंगस्टर निशान जोड़ियां के कहने पर गुरदासपुर DC दफ्तर में ग्रेनेड फेंका गया है। हालांकि, पुलिस ने इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया है। वीडियो वायरल होते ही एसएसपी गुरदासपुर आदित्य की अगुवाई में भारी पुलिस बल DC ऑफिस पहुंचा। सुरक्षा के लिहाज से पूरे परिसर और आसपास के इलाके में डॉग स्क्वॉड और बम डिस्पोजल स्क्वॉड की मदद से सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। जांच के दौरान मौके से कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। माहौल बिगाड़ने की साजिश, अफवाहों से बचें एसएसपी आदित्य ने स्पष्ट किया कि यह केवल दहशत फैलाने और पंजाब का शांतिपूर्ण माहौल बिगाड़ने की साजिश है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही इस तरह की झूठी अफवाहों पर बिल्कुल भी भरोसा न करें और न ही इन्हें आगे शेयर करें। पुलिस फर्जी वीडियो वायरल करने वालों की जांच में जुटी है।

