फर्जी Passport बनवाकर UAE गया बांग्लादेशी नागरिक Chennai Airport पर पकड़ा गया

फर्जी Passport बनवाकर UAE गया बांग्लादेशी नागरिक Chennai Airport पर पकड़ा गया

तमिलनाडु में अवैध रूप से रहने, एक स्थानीय महिला से शादी करने और फर्जी पहचान दस्तावेजों के आधार पर भारतीय पासपोर्ट हासिल करने के आरोप में बांग्लादेश के एक नागरिक को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान 47 वर्षीय कामिल के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, कामिल 2008 में पश्चिम बंगाल के रास्ते अवैध रूप से भारत में दाखिल हुआ था और इसके बाद वह तमिलनाडु चला गया। पुलिस ने बताया कि तमिलनाडु में रहने के दौरान उसने एक महिला से शादी की और बाद में उसके साथ त्रिपुरा चला गया। पुलिस के मुताबिक, तमिलनाडु और त्रिपुरा में रहने के दौरान कामिल ने आजीविका के लिए कई तरह के छोटे-मोटे काम किए।

पुलिस ने बताया कि कामिल शुरुआत में रोजगार की तलाश में भारत आया था लेकिन बाद में यहीं स्थायी रूप से रहने लगा। पुलिस के अनुसार, उसने त्रिपुरा में मतदाता पहचान पत्र, आधार कार्ड और स्थायी खाता संख्या (पैन) कार्ड जैसे फर्जी पहचान दस्तावेज बनवाने के लिए अपने नाम और जन्मस्थान सहित कई महत्वपूर्ण व्यक्तिगत जानकारियों में हेरफेर किया। पुलिस ने बताया कि इन फर्जी दस्तावेजों के आधार पर उसने भारतीय पासपोर्ट भी हासिल कर लिया और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में नौकरी करने चला गया।

पिछले कुछ वर्ष यूएई में काम करने के बाद कामिल इसी महीने की 14 तारीख को चेन्नई हवाई अड्डे पहुंचा। आव्रजन अधिकारियों को उस पर संदेह हुआ, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान उसकी कथित अवैध गतिविधियों और फर्जी दस्तावेजों का खुलासा हुआ।

इसके बाद अधिकारियों ने उसे चेन्नई केंद्रीय अपराध शाखा (सीसीबी) पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने भारत में अवैध रूप से प्रवेश करने और फर्जी दस्तावेजों के जरिए भारतीय पासपोर्ट हासिल करने के आरोप में कामिल को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *