नारनौल में अग्रसेन प्रतिमा के ऊपर बनी गुमटी गिरी:13.76 लाख रुपए से चौक का हुआ सौंदर्यीकरण; 5 दिन पहले ही हुआ था उद्घाटन

नारनौल में अग्रसेन प्रतिमा के ऊपर बनी गुमटी गिरी:13.76 लाख रुपए से चौक का हुआ सौंदर्यीकरण; 5 दिन पहले ही हुआ था उद्घाटन

हरियाणा के नारनौल में महाराजा अग्रसेन चौक पर अग्रसेन प्रतिमा के ऊपर बनी छतरी की गुमटी गिरने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। चौक का पुनर्निर्माण और सौंदर्यीकरण का काम हाल ही में पूरा हुआ था और बीते रविवार को इसका उद्घाटन किया गया था। उद्घाटन के कुछ ही दिन बाद गुमटी गिरने से लोगों में रोष है। लोगों का कहना है कि महापुरुष की प्रतिमा के ऊपर बनी छतरी का इस तरह गिरना अपमानजनक है। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग उठाई है। कई सालों चली थी पुरानी गुमटी स्थानीय लोगों के अनुसार, पुरानी गुमटी वर्ष 1989 से पहले तत्कालीन अध्यक्ष स्वर्गीय लाला ओमप्रकाश गुप्ता दादरी वाले के नेतृत्व में लगवाई गई थी। यह करीब 35 साल तक सुरक्षित रही और कभी नहीं हिली। इसके विपरीत, नई गुमटी उद्घाटन के कुछ दिन बाद ही गिर गई। इससे नए निर्माण की मजबूती को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। 13.76 लाख रुपए से कराया गया सौंदर्यीकरण महाराजा अग्रसेन जयंती से पहले नगर परिषद ने शहर के अग्रसेन चौक का सौंदर्यीकरण शुरू कराया था। इस काम पर करीब 13.76 लाख रुपए खर्च किए जाने हैं। योजना के तहत धौलपुर के पत्थरों से चौक की चारदीवारी बनाने, प्रतिमा के ऊपर पत्थरों की छतरी तैयार करने और फव्वारे व रंग-बिरंगी लाइटें लगाने का प्रावधान है। वैश्य समाज के प्रतिनिधियों ने निकाय मंत्री विपुल गोयल के समक्ष चौक के सौंदर्यीकरण की मांग रखी थी। इसके बाद मंत्री ने नगर परिषद अधिकारियों को काम जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए थे। टेंडर से पहले काम शुरू होने पर भी उठे थे सवाल चौक का सौंदर्यीकरण कार्य शुरू होने से पहले ही प्रक्रिया को लेकर चर्चा शुरू हो गई थी। नगर परिषद ने 29 सितंबर को टेंडर जारी किया था, जबकि इसकी बिड 13 अक्टूबर को खुलनी थी। इसके बावजूद टेंडर प्रक्रिया पूरी होने और वर्क ऑर्डर जारी होने से पहले ही काम शुरू करा दिया गया था। अन्य चौकों और सड़कों के काम में देरी पर भी नाराजगी लोगों का कहना है कि शहर में केवल अग्रसेन चौक ही नहीं, बल्कि राजीव गांधी चौक, शहीद भगत सिंह चौक और सैन चौक का भी सौंदर्यीकरण होना चाहिए। सैन चौक की सड़क का निर्माण कार्य वर्क ऑर्डर जारी होने के बावजूद शुरू नहीं होने पर भी लोगों ने नाराजगी जताई। यह मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में है। अब अग्रसेन चौक की गुमटी गिरने के बाद लोग निर्माण की गुणवत्ता और विकास कार्यों की निगरानी पर सवाल उठा रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *