जड़ी-बूटी कारोबार की आड़ में पटाखा सामग्री बेचने का आरोप:पुलिस ने आधी रात मारा छापा,कारोबारी हिरासत में, 25 मजदूरों से निकलवाया गया सामान

जड़ी-बूटी कारोबार की आड़ में पटाखा सामग्री बेचने का आरोप:पुलिस ने आधी रात मारा छापा,कारोबारी हिरासत में, 25 मजदूरों से निकलवाया गया सामान

वाराणसी के सारनाथ के पैगंबरपुर में मकान में हुए भीषण विस्फोट के बाद पुलिस ने अवैध रूप से आतिशबाजी बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री के भंडारण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार रात कोतवाली पुलिस ने गोला दीनानाथ क्षेत्र में दो मकानों पर छापा मारकर करीब 10 कुंतल कच्ची आतिशबाजी सामग्री बरामद की। मौके से कारोबारी राजेश गुप्ता उर्फ राजू को हिरासत में लिया गया है। बरामद सामग्री की मात्रा इतनी अधिक थी कि उसे मकानों से निकालने और थाने पहुंचाने के लिए करीब 25 मजदूर लगाने पड़े। रात 11:40 बजे तक जब्ती की कार्रवाई जारी रही। एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने बताया कि इंस्पेक्टर दयाशंकर सिंह को गोला दीनानाथ क्षेत्र के दो मकानों में बम और आतिशबाजी बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री रखे जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों मकानों में छापेमारी की। तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में कच्चा माल बरामद हुआ। बेरियम, सल्फर और पोटैशियम समेत कई सामग्री मिली पुलिस के अनुसार, मकानों से बेरियम, कार्बोनेट, सल्फर, पोटैशियम, चारकोल, कागज, क्रैकर और अन्य सामग्री बरामद की गई है। पुलिस ने सभी सामग्री जब्त कर थाने पहुंचाई। अब इसकी प्रकृति, इस्तेमाल और भंडारण से संबंधित पहलुओं की जांच की जा रही है। इंस्पेक्टर दयाशंकर सिंह के मुताबिक, मूल रूप से चेतगंज क्षेत्र का रहने वाला राजेश गुप्ता उर्फ राजू गोला दीनानाथ में जड़ी-बूटी का कारोबार करता है। गोला दीनानाथ के अलावा चेतगंज और सिगरा में भी उसके मकान बताए गए हैं। पुलिस इन स्थानों और वहां सामग्री रखे जाने के संबंध में जानकारी जुटा रही है। चेन्नई से मंगाकर आसपास के जिलों में बेचने का आरोप पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि राजेश कथित तौर पर जड़ी-बूटी कारोबार की आड़ में पटाखे बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री मंगवाता था। आरोप है कि वह इस सामग्री को बनारस और आसपास के जिलों के छोटे कारोबारियों को बेचता था। पुलिस के अनुसार, सामग्री चेन्नई से मंगाई जाती थी। अब पुलिस यह पता लगा रही है कि सामग्री की आपूर्ति किन लोगों को की जाती थी और इस कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। सामग्री मंगाने के स्रोत, भंडारण से जुड़े दस्तावेजों और पूरे नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *