खैर तस्करी गिरोह पर शिकंजा, Gurugram से 15 टन अवैध लकड़ी जब्त और व्यापारी अरेस्ट

खैर तस्करी गिरोह पर शिकंजा, Gurugram से 15 टन अवैध लकड़ी जब्त और व्यापारी अरेस्ट

छत्तीसगढ़ पुलिस ने हरियाणा के गुरुग्राम में एक गोदाम से करीब 15 टन खैर की अवैध रूप से काटी गयी लकड़ी जब्त की। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ पुलिस ने साथ ही अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह के मामले में हिमाचल प्रदेश से 67 वर्षीय व्यापारी सतपाल सिंह को भी गिरफ्तार किया।

अधिकारियों के अनुसार, इस कार्रवाई के बाद मामले में जब्त खैर की लकड़ी की कुल मात्रा करीब 70 टन हो गई है। उन्होंने बताया कि जांच के तहत ओडिशा, मध्यप्रदेश, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में छापेमारी की गई। वन अधिकारी की शिकायत पर नौ जुलाई को पिथोरा थाने में मामला दर्ज किया गया था।

शिकायत में आरोप लगाया गया कि 23,350 किलोग्राम खैर की लकड़ी के परिवहन के लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) में जालसाजी की गई थी। पुलिस ने 10 अक्टूबर को गुरुग्राम जिले के बहोदा कलां गांव में ‘श्री बालाजी ट्रेडिंग’ के गोदाम पर छापा मारकर करीब 15 टन लकड़ी जब्त की। पुलिस ने बताया कि यह फर्म आरोपी मनीष अग्रवाल नाम के व्यापारी की है।

पुलिस के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश में छापेमारी के दौरान 1.70 करोड़ रुपये नकद भी बरामद किए गए। पुलिस ने इससे पहले अग्रवाल के छत्तीसगढ़ स्थित घर से 81 लाख रुपये जब्त किए थे। पुलिस ने 12 अक्टूबर को हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से ‘शिव ट्रेडर्स’ के मालिक सतपाल सिंह को गिरफ्तार किया।

जांचकर्ताओं ने बताया कि सिंह ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर फर्जी कंपनियों, जाली दस्तावेजों और वन विभाग के ट्रांजिट पास में हेराफेरी के जरिए लकड़ी की काल्पनिक खरीद-बिक्री दिखाई। पुलिस के अनुसार, वित्तीय जांच में पिछले तीन वर्षों के दौरान करोड़ों रुपये के लेन-देन का पता चला है और मामले में दो अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने बताया मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *