राष्ट्रीय संचालन समिति ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री कौशल एवं रोजगार क्षमता परिवर्तन योजना (पीएम-सेतु) की प्रगति की समीक्षा की और महाराष्ट्र, ओडिशा एवं जम्मू-कश्मीर में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) के समूहों के लिए 1,194.92 करोड़ रुपये की पांच रणनीतिक निवेश योजनाओं को मंजूरी दी। इन पांच आईटीआई क्लस्टर के उन्नयन में टाटा स्टील फाउंडेशन, बीवीजी इंडिया, बेलराइज इंडस्ट्रीज, ईगल इन्फ्रा इंडिया और इंदरदीप इन्फ्रा इंडिया साझेदारी करेंगे। पीएम-सेतु योजना के तहत अब तक स्वीकृत कुल निवेश लगभग 3,687 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
राष्ट्रीय संचालन समिति की बैठक की अध्यक्षता कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की सचिव देबाश्री मुखर्जी ने की। मुखर्जी ने कहा, राष्ट्रीय संचालन समिति की मंजूरी पीएम-सेतु को लागू करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं। ये आईटीआई को मजबूत करने, प्रशिक्षण में सुधार लाने और उद्योग की भागीदारी बढ़ाने में मदद करेंगी।
उन्होंने कहा कि हमारा मकसद प्रशिक्षण की गुणवत्ता में सुधार करना और युवाओं को ऐसे कौशल हासिल करने में मदद करना है जिससे रोजगार के बेहतर अवसर पैदा हों। स्वीकृत रणनीतिक निवेश योजनाओं को पीएम-सेतु रूपरेखा के तहत राज्य सरकारों, उद्योग भागीदारों और प्रतिभागी आईटीआई के बीच साझेदारी के माध्यम से लागू किया जाएगा।

