कानपुर में वीवीआईपी स्कूल की गर्ल्स वॉलीबॉल टीम ने गूबा गार्डन स्थित गार्डेनिया पब्लिक स्कूल, कल्याणपुर में सीबीएसई कानपुर सहोदय स्कूल्स की ओर से आयोजित वॉलीबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। टीम ने फाइनल तक का सफर तय करते हुए सिल्वर मेडल और रनरअप ट्रॉफी हासिल कर स्कूल का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता के नॉकआउट मुकाबले में वीवीआईपी स्कूल की टीम ने इंटरनेशनल स्कूल, मैक्रोबर्टगंज को हराया। इसके बाद सेमीफाइनल में प्रभा सनराइज स्कूल, बिल्हौर को शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई। टीम के प्रदर्शन से स्कूल में खुशी का माहौल रहा। स्कूल परिवार और विद्यार्थियों ने खिलाड़ियों का करतल ध्वनि से स्वागत किया। मैनेजमेंट ने छात्राओं की उपलब्धि की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता में टीम के प्रदर्शन को स्कूल के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया गया।

