मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह ने शुक्रवार को विकासखंड बीकापुर के ग्राम सचिवालय खजुराहट एवं ग्राम सचिवालय परोमा में संचालित डिजिटल लाइब्रेरी का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लाइब्रेरी में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को दूर करने के लिए संबंधित ग्राम सचिवों एवं पंचायत सहायकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ग्राम सचिवालयों में डिजिटल लाइब्रेरी संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में खजुराहट और परोमा ग्राम सचिवालयों में संचालित डिजिटल लाइब्रेरी का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की स्थिति देखी गई। निरीक्षण के दौरान वहां मौजूद कर्मचारियों से बातचीत कर लाइब्रेरी के संचालन और उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान जहां भी कमियां मिलीं, उन्हें दूर करने के निर्देश संबंधित कर्मचारियों को दिए गए हैं। ग्राम सचिवों और पंचायत सहायकों को निर्देशित किया गया है कि डिजिटल लाइब्रेरी की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जाए, ताकि यहां आने वाले विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जाए। सीडीओ ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल लाइब्रेरी खुलने से पढ़ने वाले बच्चों और युवाओं को काफी सहूलियत मिलेगी। उन्हें अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध होने के साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी मदद मिल सकेगी। इससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई आगे बढ़ाने और विभिन्न परीक्षाओं की तैयारी के लिए उपयोगी संसाधनों तक पहुंच बनाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से डिजिटल लाइब्रेरी के संचालन पर ध्यान देने तथा व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने की अपेक्षा की। प्रशासन का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित इन सुविधाओं का लाभ अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंचे।

