पुणे: अस्पताल के PM रूम में शराब पार्टी! मृत्यु प्रमाणपत्र लेने आया शख्स रातभर करता रहा इंतजार

पुणे: अस्पताल के PM रूम में शराब पार्टी! मृत्यु प्रमाणपत्र लेने आया शख्स रातभर करता रहा इंतजार

Pune YCM Hospital Alcohol Party Viral Video: महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवड़ स्थित यशवंतराव चव्हाण स्मृति अस्पताल (YCM) के पोस्टमार्टम विभाग से कथित शराब पार्टी का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही हड़कंप मच गया और अस्पताल प्रशासन के कामकाज, साफ-सफाई और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

बता दें कि वायरल वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि पोस्टमार्टम टेबल पर शराब की बोतलें, भरे हुए गिलास, खाने-पीने का सामान और भोजन की थालियां दिखाई दे रही हैं। पोस्टमार्टम विभाग जैसे संवेदनशील स्थान पर ऐसी चीजें दिखाई देने के दावे ने मामले को गंभीर बना दिया है।

मृत्यु प्रमाणपत्र के लिए रातभर इंतजार करता रहा नागरिक

महाराष्ट्र टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस अस्पताल में एक नागरिक मृत्यु प्रमाणपत्र लेने के लिए गया हुआ था और प्रमाणपत्र पाने के लिए उसे पूरी रात इंतजार करना पड़ा। आरोप लगाया जा रहा है कि प्रमाणपत्र मिलने में देरी होने पर उसने जानकारी लेने की कोशिश की, जिसके बाद कथित शराब पार्टी का मामला सामने आया। हालांकि, प्रमाणपत्र देने में देरी क्यों हुई और इसका कथित पार्टी से कोई संबंध था या नहीं, इसकी अभी तक कोई अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

डॉक्टर वैभव म्हस्के को लेकर दावा

वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति की पहचान YCM अस्पताल के स्थायी चिकित्सा अधिकारी वैभव म्हस्के के रूप में किए जाने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, इस मामले में संबंधित व्यक्ति की तरफ से और अस्पताल प्रशासन की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

जांच के बाद स्पष्ट होगी तस्वीर

बता दें कि किसी अस्पताल में पोस्टमार्टम विभाग में स्वच्छता, अनुशासन और निर्धारित नियमों का पालन बेहद जरूरी होता है। ऐसे में कथित शराब पार्टी के आरोपों ने अस्पताल की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। वीडियो कब बनाया गया, उसमें दिखाई देने वाली चीजों की वास्तविकता क्या है और वहां वास्तव में क्या हुआ था। इन सभी पहलुओं की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल अब पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिका प्रशासन की कार्रवाई और अस्पताल प्रबंधन के आधिकारिक बयान पर नजर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *