सीतापुर में लाइसेंसी बंदूक से सिक्योरिटी गार्ड की मौत:परिवार बोला- मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी, पुलिस ने बंदूक कब्जे में ली

सीतापुर में लाइसेंसी बंदूक से सिक्योरिटी गार्ड की मौत:परिवार बोला- मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी, पुलिस ने बंदूक कब्जे में ली

सीतापुर के अटरिया थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सहजहापुर के मजरा अशेनिया में शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे लाइसेंसी बंदूक से गोली लगने से प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड पंकज तिवारी की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। अचानक हुई इस घटना से परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, अशेनिया निवासी पंकज तिवारी पुत्र विद्याधर तिवारी को अपनी लाइसेंसी बंदूक से गोली लगी। गोली लगने से उनकी मौत हो गई। शुरुआती जानकारी में बताया जा रहा है कि पंकज तिवारी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी। हालांकि, घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या वजह रही, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा बताया जाता है कि पंकज तिवारी पूर्व में कई बैंकों में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम कर चुके थे। उनके परिवार में दो बेटे हैं। परिवार के लिए यह घटना बड़ा सदमा बनकर सामने आई है। घटना की खबर फैलते ही गांव के लोग उनके घर पहुंचने लगे। परिवार के सदस्यों को सांत्वना देने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही। घटना की सूचना मिलने पर अटरिया पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। अटरिया थाना प्रभारी लाल बहादुर मिश्र ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मामले में अग्रिम कार्रवाई प्रचलित है और बंदूक को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल की जा रही है। फिलहाल घटना के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मामले से जुड़ी परिस्थितियों के संबंध में स्थिति साफ हो सकेगी। घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *