प्रयागराज के न्यू बैरहना में दिनदहाड़े घर के सामने खड़ी बाइक चोरी हो गई। बेखौफ चोर ने राहगीरों की मौजूदगी में बाइक का लॉक तोड़ा और कुछ ही पलों में उसे लेकर फरार हो गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद लोग हैरान हैं। पीड़ित ने फुटेज पुलिस को सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है। न्यू बैरहना निवासी राजेश श्रीवास्तव एजी ऑफिस से एकाउंटेंट पद से रिटायर हैं। उन्होंने बताया कि उनकी बाइक (नंबर UP-70 CD-1150) घर के बाहर खड़ी थी। शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच चोर ने वारदात को अंजाम दिया। परिवार के लोगों ने बाइक गायब देखी तो आसपास और संभावित ठिकानों पर तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। CCTV फुटेज के आधार पर तलाश में जुटी पुलिस घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में चोर बाइक का लॉक तोड़कर उसे ले जाता दिखाई दे रहा है। दिनदहाड़े हुई चोरी से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। पीड़ित ने कीटगंज थाने में लिखित प्रार्थना-पत्र देकर मुकदमा दर्ज कराने के साथ बाइक की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस फुटेज के आधार पर चोर की पहचान और तलाश में जुटी है।

