जमीन पर कब्जे का विरोध करने पर मारपीट:मैनपुरी में लेखपाल पर पक्षपातपूर्ण रिपोर्ट लगाने का आरोप, एसपी और डीएम से शिकायत

जमीन पर कब्जे का विरोध करने पर मारपीट:मैनपुरी में लेखपाल पर पक्षपातपूर्ण रिपोर्ट लगाने का आरोप, एसपी और डीएम से शिकायत

मैनपुरी के घिरोर तहसील के मौजा बहसी में जमीन पर कथित अवैध कब्जे को लेकर विवाद गहरा गया है। नगला मान्धाता निवासी अमीर सिंह ने गांव के ही अफसर खां पर अपनी भूमिधरी जमीन पर कब्जा करने और विरोध करने पर मारपीट पर आमादा होने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने एसपी और डीएम दोनों से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जमीन को कब्जामुक्त कराने और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में लेखपाल पर भी गलत रिपोर्ट लगाने और दूसरे पक्ष का साथ देने का आरोप लगाया गया है। अमीर सिंह ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि मौजा बहसी, तहसील घिरोर स्थित खाता संख्या 00022 के गाटा संख्या 424 में 0.209 हेक्टेयर जमीन संक्रमणीय भूमिधर के रूप में दर्ज है। पीड़ित का आरोप है कि इस जमीन पर गांव के ही अफसर खां पुत्र अनवर खां ने कथित तौर पर दबंगई के बल पर कब्जा कर रखा है। जमीन पर अपना हक जताने और कब्जे का विरोध करने पर विवाद की स्थिति बन जाती है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि अफसर खां और उनके परिवार के लोग उसे जान से मारने की कोशिश भी कर चुके हैं। अमीर सिंह का कहना है कि इस घटना से संबंधित वीडियो उसके पास मौजूद है। उसने आरोप लगाया कि जब भी वह जमीन पर कब्जे का विरोध करता है, तो दूसरा पक्ष उसके साथ लड़ाई-झगड़ा और मारपीट करने पर आमादा हो जाता है। अमीर सिंह के मुताबिक, उसने 7 सितंबर 2026 को उपजिलाधिकारी घिरोर को भी प्रार्थना पत्र देकर जमीन से अवैध कब्जा हटवाने की मांग की थी। हालांकि, शिकायतकर्ता का दावा है कि अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उसने आरोप लगाया कि लेखपाल पंकज कुमार ने गलत रिपोर्ट लगाई और उसे मौके पर बुलाकर लाठी-डंडों से मारपीट कराई गई। पीड़ित ने रिपोर्ट तैयार करने में पक्षपात और दूसरे पक्ष से पैसे लेने का आरोप भी लगाया है। पीड़ित ने एसपी और डीएम से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, जमीन पर कथित अवैध कब्जा हटवाने और अफसर खां के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *