दिल्ली में बारिश के बाद शुक्रवार को वायु गुणवत्ता संतोषजनक श्रेणी में दर्ज की गई, जबकि न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 0.2 डिग्री कम है। मौसम विभाग ने दिन में गरज के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, पालम में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री कम है। वहीं, लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.2 डिग्री कम है। रिज में न्यूनतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.4 डिग्री कम है।
आयानगर में यह 18.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.7 डिग्री कम है। आईएमडी ने सुबह आठ बजकर 30 मिनट तक पिछले 24 घंटे में सफदरजंग में 15.9 मिलीमीटर, पालम में 11.2 मिलीमीटर, लोधी रोड में 20 मिलीमीटर, रिज में 25.2 मिलीमीटर और अयानगर में 8.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, सुबह नौ बजकर 30 मिनट तक दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 86 दर्ज किया गया, जो संतोषजनक श्रेणी में आता है।
सीपीसीबी के एक्यूआई पैमाने के अनुसार, शून्य से 50 तक का सूचकांक ‘अच्छा’, 51 से 100 तक ‘संतोषजनक’, 101 से 200 तक ‘मध्यम’, 201 से 300 तक ‘खराब’, 301 से 400 तक ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 तक ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है।

