Traditional Alta Design: नवरात्रि हो या कोई खास त्योहार, ट्रेडिशनल लुक में आलता पैरों की खूबसूरती को और बढ़ा देता है। अगर आलता लगाने का तरीका थोड़ा अलग और स्टाइलिश हो, तो पैरों का लुक और भी सुंदर लगता है। ऐसे में अगर आप भी इस फेस्टिव सीजन अपने पैरों को नया लुक देना चाहती हैं, तो कमल के फूल वाले डिजाइन से लेकर सिंपल और मॉडर्न आलता डिजाइन तक ट्राई कर सकती हैं। आइए जानते हैं, इन खूबसूरत डिजाइन्स को लगाने का स्टेप-बाय-स्टेप तरीका।
लोटस स्टाइल आलता लगाने का स्टेप-बाय-स्टेप तरीका
कमल के फूल वाला आलता डिजाइन पैरों को खूबसूरत लुक देता है। अगर आप नवरात्रि या किसी खास त्योहार पर ट्रेडिशनल के साथ मॉडर्न टच चाहती हैं, तो इस डिजाइन को आसानी से ट्राई कर सकती हैं।
स्टेप 1: सबसे पहले पैरों को अच्छी तरह धोकर तौलिए से सुखा लें। ध्यान रखें कि पैरों पर धूल, तेल या नमी न हो, ताकि आलता अच्छी तरह लग सके।
स्टेप 2: पैरों के नाखूनों पर लाल या गहरे मैरून रंग की नेल पॉलिश लगाएं। इससे आलता के साथ पैरों का लुक और भी सुंदर लगेगा। नेल पॉलिश को अच्छी तरह सूखने दें।
स्टेप 3: लकड़ी की पतली तीली पर रूई लपेटकर या पतले ब्रश की मदद से पैरों की सभी उंगलियों और पंजे के ऊपरी हिस्से पर लाल आलता लगाएं। इसके बाद पैरों के दोनों बाहरी किनारों पर एक समान चौड़ाई वाली पट्टी बनाएं। पंजे के ऊपरी हिस्से में आलता लगाते समय बीच में नुकीला V-आकार का कर्व बनाएं, ताकि डिजाइन को सुंदर बेस मिल सके।
स्टेप 4: अब पैर के ऊपरी हिस्से के बीच में पतले ब्रश की मदद से कमल के फूल की पंखुड़ियों की आउटलाइन बनाएं। पंखुड़ियों को लाल आलता से भरें और फूल के नीचे दो छोटी पत्तियां बनाकर डिजाइन को पूरा करें।
स्टेप 5: कमल के फूल को उभारने के लिए सफेद कुमकुम पंखुड़ियों के किनारों पर पतली आउटलाइन बनाएं। इसके बाद पैरों के दोनों किनारों पर बने लाल बॉर्डर के पास छोटी-छोटी पत्तियों या फूलों की बेल का पैटर्न बनाएं। अंत में डिजाइन को पूरी तरह सूखने दें।
ट्रेडिशनल सिंपल आलता लगाने का स्टेप-बाय-स्टेप तरीका
अगर आपको ज्यादा डिजाइन पसंद नहीं हैं और आप पारंपरिक लुक के साथ हल्का मॉडर्न टच चाहती हैं, तो सिंपल आलता डिजाइन चुन सकती हैं। इसे बनाना भी आसान है।
स्टेप 1: सबसे पहले पैरों को धोकर अच्छी तरह सुखा लें। इसके बाद नाखूनों पर अपनी पसंद की लाल या मैरून नेल पॉलिश लगाएं।
स्टेप 2: अब पैरों की सभी उंगलियों और पंजे के ऊपरी हिस्से पर लाल आलता लगाएं। आलता को एक समान तरीके से फैलाएं, ताकि पैरों को साफ-सुथरा और पारंपरिक लुक मिले।
स्टेप 3: पंजे के ऊपरी हिस्से के बीच में ब्रश की मदद से एक छोटा गोल आकार बनाएं। आप चाहें तो इस गोले के चारों ओर छोटे-छोटे बिंदु बनाकर डिजाइन को और आकर्षक बना सकती हैं।
स्टेप 4:डिजाइन को थोड़ा मॉडर्न बनाने के लिए सफेद रंग से गोले के चारों ओर छोटे-छोटे डॉट्स बनाएं। इससे सिंपल आलता डिजाइन भी खूबसूरत और फेस्टिव लुक देगा।
सिंपल और सोबर मॉडर्न आलता डिजाइन
अगर आप पारंपरिक आलता डिजाइन में थोड़ा बदलाव चाहती हैं, तो सिंपल और सोबर मॉडर्न पैटर्न ट्राई कर सकती हैं। यह डिजाइन नवरात्रि, पूजा और दूसरे पारंपरिक अवसरों के लिए अच्छा विकल्प है।
स्टेप 1: पैरों को साफ करके सुखा लें। इसके बाद सभी उंगलियों और पंजे के ऊपरी हिस्से पर लाल आलता लगाएं। इसे कुछ देर सूखने दें।
स्टेप 2: पैर के ऊपरी हिस्से के बीच में लाल आलता से एक गोल आकार बनाएं। ध्यान रखें कि गोला बहुत बड़ा न हो, ताकि डिजाइन संतुलित दिखे।
स्टेप 3: अब गोले के अंदर पतले ब्रश से कमल के फूल की छोटी-छोटी पंखुड़ियां बनाएं। पंखुड़ियों को लाल रंग से भरें और चाहें तो सफेद कुमकुम से हल्की आउटलाइन दें।
स्टेप 4: कमल के आसपास छोटे-छोटे डॉट्स या पत्तियों का पैटर्न बनाएं। इससे डिजाइन को मॉडर्न और सोबर लुक मिलेगा। आलता को पूरी तरह सूखने दें, ताकि डिजाइन खराब न हो।
ध्यान दें: आलता लगाने से पहले त्वचा पर थोड़ा-सा लगाकर पैच टेस्ट कर लें। इस्तेमाल किए जा रहे रंग त्वचा के लिए सुरक्षित होने चाहिए। आलता को लंबे समय तक टिकाने के लिए उसे अच्छी तरह सूखने दें और सूखने से पहले पैरों को पानी के संपर्क में न लाएं।

