कुरुक्षेत्र में लड़ाई की रंजिश में खरीदा देसी कट्टा:एक कारतूस भी मिला, 7 रुपए में हुआ सौदा, बेचने वाला भी पकड़ा गया

कुरुक्षेत्र में लड़ाई की रंजिश में खरीदा देसी कट्टा:एक कारतूस भी मिला, 7 रुपए में हुआ सौदा, बेचने वाला भी पकड़ा गया

कुरुक्षेत्र में ब्रह्मसरोवर के दक्षिणी गेट के पास पार्किंग से CIA-1 ने एक युवक को देसी कट्टे और कारतूस के साथ पकड़ा। युवक की पहचान इंदिरा कॉलोनी निवासी गुरविंद्र सिंह उर्फ चिंटू के रूप में हुई। चिंटू ने ये देसी कट्‌टा 7 हजार रुपए में खरीदा था। उसे ये देसी कट्टा उसी की कॉलोनी के साहिल ने दिया था। CIA ने चिंटू से पूछताछ के बाद साहिल को भी गिरफ्तार कर लिया। साहिल पर पहले से आर्म्स एक्ट का केस दर्ज है। इस केस में साहिल जमानत पर आया हुआ था। पुलिस ने कोर्ट के ऑर्डर से चिंटू को जेल भेज दिया और साहिल को दो दिन के रिमांड पर लिया है। गाड़ी देखकर भागने लगा युवक पुलिस के मुताबिक, CIA-1 की टीम ब्रह्मसरोवर के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक के पास देसी कट्टा है और वो ब्रह्मसरोवर के दक्षिणी गेट के पास पार्किंग में घूम रहा है। पता चलते ही टीम मौके पर पहुंच गई। तभी पुलिस की गाड़ी देखकर युवक भागने लगा, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया। लड़ाई के बाद खरीदा कट्‌टा तलाशी लेने पर उसके पास से एक देसी कट्टा और कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में उसने अपना नाम गुरविंद्र सिंह उर्फ चिंटू बताया। उसके खिलाफ थाना केयूके में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि दो महीने पहले उसकी किसी के साथ लड़ाई हुई थी। इसी रंजिश के चलते उसने देसी कट्टा खरीदा था। बाद में देने थे 7 हजार रुपए पूछताछ में उसने ये भी बताया कि साहिल ने उसे 7 हजार रुपए में यह कट्‌टा दिया था। लेकिन अभी उसने अभी पैसे नहीं दिए थे और बाद में पैसा देना तय हुआ था। चिंटू से पूछताछ के बाद पुलिस ने साहिल को भी दबोच लिया। अब साहिल से पूछताछ चल रही कि उसने देसी कट्टा कहां से खरीदा था।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *