Delhi के निहाल विहार में पति ने की पत्नी की चाकू मारकर हत्या, आरोपी विकास फरार

Delhi के निहाल विहार में पति ने की पत्नी की चाकू मारकर हत्या, आरोपी विकास फरार

बाहरी दिल्ली के निहाल विहार में पारिवारिक विवाद के चलते 32 वर्षीय महिला की उसके पति ने कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान विकास के रूप में हुई है, जो वारदात के बाद फरार हो गया।

उसका पता लगाने के लिए पुलिस की कई टीम गठित की गई हैं। पुलिस ने बताया कि पीड़िता रूबी को उसके परिजन बुधवार देर रात करीब 12.10 बजे नांगलोई के मनसा राम अस्पताल ले गए, लेकिन वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि रूबी और विकास पिछले एक महीने से अपने 10 साल के बेटे के साथ निहाल विहार के लक्ष्मी पार्क में किराए के मकान में रह रहे थे।

पुलिस ने बताया कि दंपति के बीच पारिवारिक विवाद था और बुधवार को दोनों के बीच झगड़ा हुआ जिसमें विकास ने कथित तौर पर रूबी की चाकू मारकर हत्या कर दी और फरार हो गया। निहाल विहार पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *