Ashok Gehlot : कांग्रेस के नेता अशोक गहलोत ने कहा कि नगरीय निकाय चुनावों में गुंडागर्दी और सत्ता का भरपूर दुरुपयोग करने वाली भाजपा अब पंचायती राज चुनावों में भी वही हथकंडे अपना रही है। केकड़ी में अजमेर जिला परिषद के वार्ड संख्या 12 से कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी हंसराज गुर्जर की गिरफ्तारी बेहद निंदनीय है।
अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया अकाउंट X पर लिखा कि चुनाव के बीच विपक्ष के प्रत्याशी को पुलिस कार्रवाई के जरिए मैदान से दूर करने की कोशिश लोकतंत्र पर सीधा हमला है, और भाजपा के दबाव में होने वाली ऐसी कार्रवाइयां निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया की धज्जियां उड़ाती हैं। जब एफआईआर कई दिन पहले दर्ज हो गई थी तो नामांकन दाखिल करने के बाद ही अचानक गिरफ्तारी क्यों की गई?
नगरीय निकाय चुनावों में भी भाजपा की इसी कार्यशैली से देशभर में उसकी बदनामी हुई थी, पर चाल, चरित्र और चेहरे की बात करने वाली भाजपा सुधरने को तैयार नहीं। साफ है कि भाजपा की हालत खस्ता है और हार के डर से वह इस तरह के कृत्य कर रही है। मैंने एसपी, अजमेर से बात कर कहा है कि इनके साथ न्याय सुनिश्चित करें।
कांग्रेस प्रत्याशी की गिरफ्तारी पर थाने में हंगामा
सरवाड़ (अजमेर) जिला परिषद के वार्ड 12 से कांग्रेस प्रत्याशी हंसराज गुर्जर की गिरफ्तारी के विरोध में पूर्व विधायक रघु शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को सरवाड़ थाने पर प्रदर्शन किया। बाद में कार्यकर्ता थाने के बाहर टेंट लगाकर धरने पर बैठ गए। केकड़ी से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश मील और पुलिस उप अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता मौके पर पहुंचे और शर्मा से बातचीत की। एहतियातन केकड़ी, सावर और भिनाय थानों से पुलिस जाप्ता भी तैनात किया गया। शर्मा के साथ थाने में प्रवेश को लेकर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तनातनी हुई। शर्मा ने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष के दबाव में परिवादी की रिपोर्ट पर जांच पूरी किए बिना प्रत्याशी को गिरफ्तार किया गया।
यह है मामला
अजगरी निवासी छोटू गिरी की रिपोर्ट पर अजगरी निवासी हंसराज गुर्जर, हंसराज खारोल, केकड़ी निवासी सतीश मालू और एक अन्य के खिलाफ धोखे से मकान की रजिस्ट्री कराने तथा बंधक बनाकर मारपीट करने का मामला दर्ज हुआ था। जांच अधिकारी सराना थाना प्रभारी नाहर सिंह ने गुरुवार को हंसराज गुर्जर को गिरफ्तार किया। गुर्जर ने वार्ड 12 से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया है।

