Rajasthan Politics: यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा की भाभी का टिकट कटा, बेटे ने भरा निर्दलीय पर्चा, मचा सियासी घमासान

Rajasthan Politics: यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा की भाभी का टिकट कटा, बेटे ने भरा निर्दलीय पर्चा, मचा सियासी घमासान

सीकर। पंचायती राज चुनाव में यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा का परिवार सुर्खियों में है। बुधवार को उनके बड़े बेटे दुर्गा सिंह खर्रा की ओर से श्रीमाधोपुर पंचायत समिति सदस्य के लिए निर्दलीय नामांकन भरने की चर्चा अभी सियासी गलियारों में घूम रही थी। इसी बीच गुरुवार को खर्रा के भाई महावीर सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह की भी भाजपा से टिकट कट गई। उन्होंने जिला परिषद के वार्ड नंबर 23 से भाजपा प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन दा​खिल किया था। गुरुवार को देर शाम को भाजपा ने प्रत्याशियों की सूची जारी कि तो उनका नाम नदारद मिला। पार्टी ने उनकी जगह सुंदरी देवी को अपना उम्मीदवार चुना है। टिकट को लेकर हुई इस रस्सा-कस्सी को लेकर दिनभर तरह-तरह की चर्चाओं का दौर जारी रहा।

बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ बोले- ‘भाजपा में परिवारवाद नहीं चलता’

दूसरी तरफ पंचायत चुनाव में नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा के बेटे दुर्गा सिंह के निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरने का मामला राजनीतिक चर्चा विषय बन गया है। इसको लेकर गरमाई सियासत के बीच गुरुवार को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने पार्टी का पक्ष रखा। भाजपा मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में राठौड़ ने कहा कि पार्टी में परिवारवाद नहीं चलता। चुनाव लड़ना संबंधित व्यक्ति की अपनी सोच है। भाजपा में परिवारवाद नहीं चलने की बात दोहराते हुए राठौड़ ने मंत्री पुत्र के निर्दलीय चुनाव लड़ने के फैसले को सीधे अनुशासनहीनता या बगावत करार नहीं दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ना मौलिक अधिकार है।

झाबर सिंह खर्रा के बेटे दुर्गा सिंह वार्ड 19 से निर्दलीय प्रत्याशी

प्रदेशाध्यक्ष की इस प्रतिक्रिया ने पंचायत चुनाव के बीच भाजपा की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है, जब भाजपा पंचायत चुनाव में संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की एकजुटता के दम पर ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटी है। उन्होंने कहा कि भाजपा से कई लोगों को एलर्जी है, लेकिन इसमें वे क्या कर सकते हैं। दुर्गा सिंह ने सीकर जिले की श्रीमाधोपुर पंचायत समिति के वार्ड 19 से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन भरा है।

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली बोले- भाजपा को मंत्री पुत्र पर भरोसा नहीं

यूडीएच मंत्री के बेटे के निर्दलीय पर्चा भरने पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने पंचायत चुनाव से पहले भाजपा पर हार के डर और अंदरूनी नाराजगी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कैबिनेट मंत्री के बेटे का निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरना भाजपा के संगठनात्मक दावों की पोल खोलता है। जब अपनों को ही पार्टी के टिकट पर भरोसा नहीं है तो जनता क्या उम्मीद रखेगी। जूली ने केकड़ी में अजमेर जिला परिषद के वार्ड 12 से कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी हंसराज गुर्जर की गिरफ्तारी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने मुख्यमंत्री से पुलिस-प्रशासन को भाजपा की कठपुतली बनाने से रोकने की मांग की।

यह वीडियो भी देखें :

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *