लखनऊ विश्वविद्यालय के बास्केटबॉल कोर्ट पर गुरुवार को इंट्राम्यूरल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। नीलिमा घोष हाउस ने अमृता कौर हाउस को 54-51 से हराकर चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 42-42 की बराबरी पर थीं। इसके बाद पांच मिनट का अतिरिक्त समय दिया गया। इसमें नीलिमा घोष हाउस ने बाजी मार ली। शारीरिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल में दोनों टीमों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। आखिरी मिनट तक मुकाबला बराबरी पर रहा। एक्स्ट्रा टाइम में खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरा जोर लगाया। नीलिमा घोष हाउस ने बेहतर तालमेल और टीमवर्क के दम पर तीन अंकों की बढ़त बनाते हुए मैच जीत लिया। अमृता कौर हाउस ने फाइनल में जगह बनाई इससे पहले पहले सेमीफाइनल में नीलिमा घोष हाउस ने ध्यानचंद हाउस को 56-47 से हराया था। दूसरे सेमीफाइनल में अमृता कौर हाउस ने मिल्खा सिंह हाउस को 52-25 से शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी रहे। विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. शशि कनौजिया ने उनका स्वागत किया। कुलपति ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल के दौरान थकान होना स्वाभाविक है, लेकिन सच्चा खिलाड़ी वही है जो थकान के बावजूद आगे बढ़ने का साहस रखता है। खेल छात्रों में नेतृत्व क्षमता को मजबूत करते हैं उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास, सकारात्मक सोच और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की अपील की। कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को मजबूत करते हैं। इस मौके पर विभाग के शिक्षक और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने विजेता टीम को बधाई दी।

