उज्जैन में बुधवार रात शांति पैलेस चौराहे पर होटल विक्रमादित्य के सामने यात्रियों से भरा ओवरलोड ई-रिक्शा सड़क पर पलट गया। हादसे के दौरान रिक्शा में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दौड़कर ई-रिक्शा के नीचे दबे यात्रियों को बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना का सीसीटीवी फुटेज गुरुवार को सामने आया। क्षमता से ज्यादा सवारियां बैठाने से हादसा प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ई-रिक्शा में क्षमता से अधिक सवारियां बैठी थीं। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने यात्रियों की मदद की और उन्हें बाहर निकाला। श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर सवाल महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं को ले जाने वाले कुछ ई-रिक्शा चालक क्षमता से अधिक सवारियां बैठा लेते हैं। ओवरलोडिंग से हादसों का खतरा बना रहता है। इस घटना के बाद शहर में ई-रिक्शा की ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर सवाल उठ रहे हैं। CCTV फुटेज के आधार पर होगी कार्रवाई यातायात डीएसपी दिलीप परिहार ने कहा कि क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने वाले ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ कार्रवाई तेज की जाएगी। शांति पैलेस चौराहे पर ई-रिक्शा पलटने की घटना के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर भी कार्रवाई की जाएगी।

