Delhi में झमाझम बारिश के बीच IMD ने जारी किया Red Alert

Delhi में झमाझम बारिश के बीच IMD ने जारी किया Red Alert

दिल्ली में बृहस्पतिवार को दिन में घने काले बादल छाए रहने के साथ झमाझम बारिश हुई। इस दौरान भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शहर में मध्यम स्तर की बारिश, गरज के साथ छींटे पड़ने, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम कार्यालय ने दोपहर एक बजे जारी अपनी जिला-स्तरीय नाउकास्ट (वर्तमान मौसम पूर्वानुमान) रिपोर्ट में शहर के कई हिस्सों में मध्यम बारिश का अनुमान जताया था।

इसके तहत 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और हवा के झोंकों की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान जताया गया। यह चेतावनी अपराह्न तीन बजे तक के लिए थी। मौसम विभाग ने पांच से 15 मिलीमीटर प्रति घंटे की दर से मध्यम से तीव्र बारिश की संभावना जताई है।

विशेषज्ञों का कहना है कि आधी रात के आसपास बारिश का एक और दौर शुरू हो सकता है, जो शुक्रवार सुबह तक जारी रह सकता है। राजधानी में बृहस्पतिवार का दिन बादलों से घिरा रहा। आसमान में लंबे समय तक घने बादल छाए रहने के कारण धूप नहीं निकली।

रुक-रुक कर बारिश और तेज हवाएं चलती रहीं, जबकि कई इलाकों में दृश्यता कम होने से धुंधलापन बना रहा। बारिश के कारण शहर के सामान्य दोपहर के नजारे में बड़ा बदलाव देखने को मिला। इंडिया गेट, संसद भवन, उच्चतम न्यायालय और कश्मीरी गेट बस अड्डे समेत कई प्रमुख स्थानों पर आसमान में काले बादल छाए रहे और बारिश से भीगी सड़कें नजर आईं।

इसके अलावा पालम, मंडी हाउस, लक्ष्मी नगर और गीता कॉलोनी जैसे इलाकों में भी तेज बारिश हुई। सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने मंडी हाउस और गीता कॉलोनी के पास जलभराव की शिकायत की, जबकि पालम और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के आसपास यातायात जाम की खबर भी सामने आई। कई लोगों ने मौसम की तस्वीरें और वीडियो भी साझा किए और कई दिनों की गर्मी के बाद इस बारिश और ठंडक को सुखद बताया।

मौसम विशेषज्ञों ने इस बारिश का कारण पश्चिम विक्षोभ और आसपास के क्षेत्रों में बने चक्रवातीय परिसंचरण को बताया है। उन्होंने इसे मानसून के बाद के मौसम का एक सामान्य चक्र करार दिया। मौसम विभाग के अनुसार, बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक है।

वहीं अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *